Train Accident: सुबह-सुबह भीषण रेल हादसा, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत 6 डिब्बे पटरी से उतरे, यात्रियों में मची चीख-पुकार

Train Accident: सुबह एक बड़े रेल हादसे से हड़कंप मच गया। ..

Assam Train Accident
सुबह-सुबह भीषण रेल हादसा- फोटो : social Media

Train Accident:  सुबह एक बड़े रेल हादसे से हड़कंप मच गया। असम में डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन के इंजन समेत छह डिब्बे पटरी से उतर गए। अचानक हुए इस हादसे के बाद यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन में सवार लोग अपनी जान बचाने के लिए परेशान नजर आए।

रेलवे से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुआ। उस वक्त ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी। तभी अचानक इंजन समेत छह डिब्बे पटरी से उतर गए। तेज झटकों के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। कई लोग घबराकर डिब्बों से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।

हादसे के बाद घटनास्थल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं। इनमें दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों के साथ यात्रियों की बेचैनी और अफरा-तफरी का मंजर दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया और राहत एवं बचाव दल को मौके पर भेजा गया।

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। राहत-बचाव अभियान जारी है और यात्रियों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। रेलवे प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटा है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि आखिर चलती ट्रेन के डिब्बे पटरी से कैसे उतर गए। यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।