Bihar CM: दिल्ली दौरे पर CM सम्राट चौधरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
Bihar CM: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। ...
Bihar CM: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। आज यानी सोमवार सुबह उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बिहार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है। दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ उनकी मुलाकातों को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज है।
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सबसे पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस मुलाकात में बिहार के विकास, राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों और केंद्र सरकार के स्तर पर लंबित विषयों पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बातचीत के विस्तृत एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात भी प्रस्तावित है। नितिन गडकरी के साथ बैठक में बिहार की सड़क परियोजनाओं, आधारभूत संरचना और परिवहन सुविधाओं के विस्तार से जुड़े मुद्दे उठाए जाने की संभावना है।वहीं, धर्मेंद्र प्रधान के साथ मुलाकात को भी राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री केंद्र से जुड़े प्रस्तावों और बिहार के हितों से संबंधित विषयों पर चर्चा कर सकते हैं।
सम्राट चौधरी के दिल्ली दौरे का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य 3 नवंबर को प्रस्तावित बैठक की तैयारियों की समीक्षा करना भी बताया जा रहा है। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े से भी उनकी मुलाकात प्रस्तावित है। हालांकि, इस मुलाकात का समय अभी निर्धारित नहीं किया गया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब बिहार में नई सरकार के विकास एजेंडे और प्रशासनिक प्राथमिकताओं को लेकर गतिविधियां तेज हैं। केंद्रीय मंत्रियों के साथ उनकी बैठकों से राज्य की विकास योजनाओं, सड़क निर्माण, आधारभूत संरचना और केंद्र से सहयोग से जुड़े प्रस्तावों को गति मिलने की उम्मीद है।
अब सबकी नजरें मुख्यमंत्री की आगामी मुलाकातों और 3 नवंबर की बैठक पर टिकी हैं। इन बैठकों में बिहार के लिए कौन-कौन से महत्वपूर्ण प्रस्ताव सामने आते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।
ब्यूरो रिपोर्ट