'भाजपा को बड़ा झटका' राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला का इस्तीफा ! कांग्रेस से बीजेपी में आए थे

पेशे से वकील और राजनीतिक विश्लेषक रहे शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। अब उन्होंने अचानक से अपने एक्स प्रोफाइल पर ऐसा बदलाव किया है कि उनके भाजपा छोड़ने की बातें होने लगी हैं

BJP National spokesperson Shahzad Poonawala
BJP National spokesperson Shahzad Poonawala- फोटो : news4nation

Shahzad Poonawala:  भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर बायो बदलने के बाद उनके राजनीति छोड़ने और भाजपा से इस्तीफा देने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, अब तक न तो भाजपा की ओर से और न ही शहजाद पूनावाला ने इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि की है। दरअसल, शहजाद पूनावाला ने अपने X प्रोफाइल से "National Spokesperson, BJP" हटाकर नया बायो लिखा है। इसमें उन्होंने खुद को "धर्म- इस्लाम, संस्कृति- हिंदू, विचारधारा- भारतीय, लेखक- GST की यात्रा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन अनुयायी" बताया है। इसके साथ उन्होंने अपने X अकाउंट पर केवल "My Updated Bio" लिखते हुए नए बायो का स्क्रीनशॉट साझा किया।


इसके कुछ ही समय बाद शहजाद पूनावाला ने अपने पुराने इंटरव्यू के दो वीडियो भी दोबारा पोस्ट किए। इन वीडियो में वह सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने की इच्छा जताते हुए दिखाई देते हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर उनके भाजपा छोड़ने और सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की चर्चाएं शुरू हो गईं।


हालांकि, गौर करने वाली बात यह है कि शहजाद पूनावाला के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर अभी भी उन्हें "National Spokesperson, BJP" बताया गया है। इसके अलावा उन्होंने कहीं भी स्पष्ट रूप से यह नहीं कहा है कि उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है या सक्रिय राजनीति छोड़ रहे हैं।

कांग्रेस से बीजेपी तक का सफर

पेशे से वकील और राजनीतिक विश्लेषक रहे शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। वर्ष 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाने और इसे कथित रूप से "धांधली" करार देने के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद वे भाजपा में शामिल हुए और धीरे-धीरे पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय प्रवक्ताओं में शामिल हो गए।


वर्ष 2021 में उन्हें दिल्ली भाजपा के सोशल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई थी। टीवी डिबेट और सोशल मीडिया पर वे भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखर समर्थक के रूप में लगातार सक्रिय रहे हैं तथा विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस और राहुल गांधी, पर तीखे राजनीतिक हमले करते रहे हैं।


फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं

फिलहाल शहजाद पूनावाला के भाजपा छोड़ने या सक्रिय राजनीति से अलग होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में उनके X बायो में किए गए बदलाव और पुराने वीडियो साझा करने के आधार पर लगाई जा रही अटकलों की पुष्टि अभी नहीं की जा सकती। राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा जरूर तेज है, लेकिन आधिकारिक बयान आने तक इसे केवल अटकल के तौर पर ही देखा जा रहा है।