भाजपा ने तीन राज्यों के लिए नियुक्त किए नए प्रभारी, बिहार में चुनाव जितवाने वाले विनोद तावड़े को यूपी की कमान

तीन महत्वपूर्ण राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इसमें विनोद तावड़े को यूपी चुनाव के पूर्व जिम्मेदारी देना सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

State In-Charges of BJP
State In-Charges of BJP- फोटो : news4nation

BJP :  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए राज्य प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए। पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को प्रभारी के तौर पर दी गई है, जबकि जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं, पंजाब का प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया और गुजरात का प्रभारी तरुण चुग को नियुक्त किया गया है।


उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े और जगदीश पटेल

भाजपा ने उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य की संगठनात्मक जिम्मेदारी विनोद तावड़े को सौंपी है। तावड़े वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री हैं। वह इससे पहले हरियाणा और बिहार के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। नवंबर 2020 में उन्हें हरियाणा का प्रभारी बनाया गया था, जबकि सितंबर 2022 में बिहार की जिम्मेदारी सौंपी गई। 2024 में भी वह बिहार भाजपा के प्रभारी रहे।


उत्तर प्रदेश में उनके साथ गुजरात के भाजपा नेता जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया है। पटेल 2019 में अमराईवाड़ी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे और अहमदाबाद शहर भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अगस्त 2026 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था। अब पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में संगठनात्मक जिम्मेदारी दी है।


पंजाब की जिम्मेदारी सतीश पूनिया को

भाजपा ने पंजाब का प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को बनाया है। राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके पूनिया को संगठन का लंबा अनुभव है। वर्ष 2024 में उन्हें हरियाणा का प्रभारी बनाया गया था। इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने हरियाणा में पार्टी के चुनाव प्रभारी की भूमिका निभाई थी।


हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी जीत के दौरान भी पूनिया राज्य प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। जून 2026 में वह राज्यसभा सांसद चुने गए। अब पार्टी ने उन्हें पंजाब की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है।


गुजरात की कमान तरुण चुग को

गुजरात का प्रभारी भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद तरुण चुग को बनाया गया है। अमृतसर से आने वाले चुग लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय हैं और उन्हें राज्यों में संगठन खड़ा करने का अनुभव है। तरुण चुग इससे पहले तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रभारी रह चुके हैं। नवंबर 2020 में उन्हें तेलंगाना के साथ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की जिम्मेदारी दी गई थी। वर्ष 2024 में भी वह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रभारी रहे। अब उन्हें गुजरात जैसे महत्वपूर्ण राज्य का संगठनात्मक प्रभार दिया गया है।


भाजपा के मुताबिक, इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। पार्टी ने कहा है कि अन्य राज्यों के प्रभारियों की नियुक्ति समयानुसार की जाएगी और तब तक वर्तमान प्रभारी व्यवस्था जारी रहेगी। तीन महत्वपूर्ण राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।