Bihar Flood: बिहार बाढ़ पर चिराग का बड़ा ऐलान, LJP के सांसद-विधायक देंगे एक महीने की सैलरी
Bihar Flood: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा ऐलान किया है। ...
Bihar Flood: बिहार में बाढ़ की तबाही के बीच राहत और पुनर्वास के लिए राजनीतिक दलों की ओर से मदद का सिलसिला तेज हो गया है। इसी कड़ी में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी के सभी सांसद, विधायक और विधान पार्षद अपने एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में समर्पित करेंगे। चिराग ने 18 सितंबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस फैसले की जानकारी दी।
चिराग पासवान ने अपने पोस्ट में बिहार को अपना परिवार बताते हुए बाढ़ के संकट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों को और रफ्तार देने के मकसद से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि एक माह का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे।

बिहार में बाढ़ ने कई इलाकों में आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। खेतों में पानी भरने से किसानों के सामने मुश्किलें और बढ़ गई हैं। फसल बर्बाद होने के बाद किसानों को सिर्फ मौजूदा नुकसान ही नहीं झेलना पड़ेगा, बल्कि खेतों को दोबारा खेती के लायक बनाने के लिए भी अतिरिक्त खर्च करना पड़ सकता है। लंबे समय तक जलजमाव रहने से मिट्टी और कृषि गतिविधियों पर भी असर पड़ने की आशंका है।
ऐसे वक्त में मुख्यमंत्री राहत कोष का इस्तेमाल प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने के लिए किया जाता है। बिहार सरकार के आधिकारिक पोर्टल के मुताबिक राहत कोष का इस्तेमाल बाढ़, चक्रवात और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं में प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के लिए किया जाता है।
बता दें कि बाढ़ राहत के लिए अन्य स्तरों से भी योगदान सामने आया है। बिहार भाजपा ने 18 सितंबर को मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपये का चेक दिया और अपने सांसदों, विधायकों तथा विधान पार्षदों की ओर से एक महीने का वेतन देने की घोषणा की। ऐसे में चिराग पासवान की पार्टी का यह ऐलान भी बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के प्रयासों के बीच सामने आया है।
दिल्ली से धीरज कुमार सिंह की रिपोर्ट