'चुनाव खत्म - वसूली शुरू, 'महंगाई मैन' मोदी ने फिर चलाया जनता पर हंटर', पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने पर कांग्रेस का हमला

कांग्रेस ने कहा, “महंगाई मैन मोदी ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया। पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपये महंगे कर दिए गए हैं, वहीं CNG के दाम भी 2 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। चुनाव खत्म होते ही मोदी सरकार की वसूली शुरू हो गई।”

Petrol-Diesel Price
Petrol-Diesel Price - फोटो : news4nation

Petrol-Diesel Price :  पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। पार्टी ने कहा कि ईंधन के दाम बढ़ने से महंगाई और बढ़ेगी तथा आर्थिक विकास दर पर भी असर पड़ेगा। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें “महंगाई मैन” बताया। कांग्रेस के आधिकारिक X हैंडल से पोस्ट कर कहा गया, “महंगाई मैन मोदी ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया। पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपये महंगे कर दिए गए हैं, वहीं CNG के दाम भी 2 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। चुनाव खत्म होते ही मोदी सरकार की वसूली शुरू हो गई।”


लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब कांग्रेस लगातार मांग करती रही कि उसका फायदा आम उपभोक्ताओं को दिया जाए और पेट्रोल, डीजल व गैस की कीमतें घटाई जाएं। लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया और जनता को राहत नहीं मिली।


राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में उछाल आया है तथा विधानसभा चुनाव खत्म होते ही सरकार ने पहले वाणिज्यिक LPG सिलेंडर महंगा किया और अब पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़ा दिए। उन्होंने कहा कि इससे महंगाई बढ़ना तय है और चालू वित्त वर्ष में मुद्रास्फीति करीब 6 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। साथ ही आर्थिक विकास दर के अनुमान भी घट सकते हैं।


कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में आई गिरावट का लाभ भारतीय उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने उपभोक्ताओं के साथ “धोखा” किया है। रमेश ने कहा कि ईंधन की नई कीमतों से महंगाई और बढ़ेगी तथा विकास दर पर नकारात्मक असर पड़ेगा।


दरअसल, केंद्र सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की। यह पिछले चार वर्षों में ईंधन कीमतों में पहली बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है। सरकारी तेल कंपनियों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने और उत्पादन लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है।


नई दरों के अनुसार राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल की कीमत 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपये और डीजल 93.14 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये और डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं चेन्नई में पेट्रोल 103.67 रुपये और डीजल 95.25 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। बेंगलुरु में पेट्रोल की कीमत 106.17 रुपये और डीजल 94.10 रुपये प्रति लीटर हो गई है।


यह बढ़ोतरी असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव खत्म होने के करीब 16 दिन बाद की गई है। इससे पहले अप्रैल 2022 के बाद से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ था। हालांकि मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी।