तमिलनाडु में कांग्रेस ने डीएमके से तोड़ा गठबंधन ! TVK को मिला हाथ का साथ, विजय बनेंगे सीएम
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में TVK ने 108 सीटें जीती हैं, लेकिन बहुमत के लिए 118 विधायकों की जरूरत है। विजय के दो सीटों पर जीतने के कारण एक सीट छोड़ने उनके पास 107 सीट रह जाएगी
Tamil Nadu : तमिल फिल्मों के नायक से सियासत के महानायक बने विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) तमिलनाडु में सरकार बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। सूत्रों के मुताबिक, विजय आज राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में TVK ने 108 सीटें जीती हैं, लेकिन बहुमत के लिए 118 विधायकों की जरूरत है। विजय के दो सीटों पर जीतने के कारण एक सीट छोड़ने के बाद पार्टी के पास प्रभावी संख्या 107 रह जाती है। ऐसे में सरकार बनाने के लिए TVK को कम से कम 11 और विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी।
इसी बीच, कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर TVK को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने यह भी संकेत दिया है कि यह नया गठबंधन 2029 के लोकसभा चुनाव तक जारी रह सकता है। कांग्रेस के इस फैसले से राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, क्योंकि उसका पुराना गठबंधन Dravida Munnetra Kazhagam यानी डीएमके के साथ कमजोर पड़ता नजर आ रहा है।
DMK ने कांग्रेस के इस कदम पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कांग्रेस को “अविश्वसनीय” और “पीठ में छुरा घोंपने वाला” करार दिया। वहीं DMK सांसद कनिमोझी ने कहा कि जनता का फैसला सर्वोपरि है और पार्टी विपक्ष में रहते हुए भी जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
दूसरी ओर, TVK और All India Anna Dravida Munnetra Kazhagam यानी अन्नाद्रमुक के बीच संभावित गठबंधन को लेकर अटकलें भी तेज हो गई हैं। TVK नेता एन. आनंद ने बुधवार सुबह AIADMK प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी से उनके चेन्नई स्थित आवास पर मुलाकात की, जिससे राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई है। राजनीतिक हलचल के बीच TVK ने अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को चेंगलपट्टू के महाबलीपुरम स्थित एक रिसॉर्ट में ठहराया है, ताकि किसी भी तरह की टूट-फूट से बचा जा सके।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि TVK बहुमत का आंकड़ा कैसे जुटाती है और तमिलनाडु में अगली सरकार किस गठबंधन के साथ बनती है।