दिल्ली में दिल दहलाने वाला हादसा, तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढही, अब तक दो लोगों की मौत, मलबे में कई लोग दबे
मकलकर्मी और NDRF की टीम मलबे को हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत निर्माणाधीन थी। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
Delhi Building Collapse: दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा स्थित एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। मलबे में अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9:50 बजे हुआ। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके साथ ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम को भी राहत और बचाव अभियान में लगाया गया है। बचाव दल ने मलबे से एक शव बरामद किया है। घटनास्थल पर पानी के टैंकर और विशेष रेस्क्यू वाहन भी तैनात किए गए हैं।
मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
दमकलकर्मी और NDRF की टीम मलबे को हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत निर्माणाधीन थी। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। बचाव अभियान को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन और अधिकारियों को भी मौके पर भेजा गया है।

पुरानी दिल्ली का चावड़ी बाजार इलाका बेहद व्यस्त और घनी आबादी वाला क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में दुकानें और पुरानी इमारतें हैं। कई भवन एक-दूसरे से सटे हुए हैं। ऐसे में निर्माणाधीन इमारत गिरने के बाद आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

दिल्ली में इस साल इमारत गिरने का छठा बड़ा हादसा
दिल्ली में इस साल इमारत ढहने की यह छठी बड़ी घटना बताई जा रही है। इससे पहले साकेत, रोहिणी, करोल बाग, सत्य निकेतन और सीमापुरी में इमारत गिरने के हादसे हो चुके हैं। इन पांच घटनाओं में कुल 21 लोगों की जान जा चुकी है। मृतकों में कई छात्र भी शामिल थे।
फिलहाल चावड़ी बाजार में राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।