India Airport News: जहां से खुलता है दुनिया का रास्ता, भारत का इकलौता एयरपोर्ट जो जोड़ता है 150 शहर, विदेश यात्रा का सबसे बड़ा हवाई हब बना यह शहर
India Airport News:भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसी कड़ी में देश के एयरपोर्ट्स भी आधुनिकता की नई उड़ान भर रहे हैं। ..
India Airport News:भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसी कड़ी में देश के एयरपोर्ट्स भी आधुनिकता की नई उड़ान भर रहे हैं। नए एयरपोर्ट्स के निर्माण के साथ-साथ पुराने हवाई अड्डों का भी तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। इसी बीच राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है।
दिल्ली IGI एयरपोर्ट को लगातार आठवें वर्ष भारत और दक्षिण एशिया का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट घोषित किया गया है। स्काईट्रैक्स की रैंकिंग में यह दुनिया के नौवें सबसे व्यस्त एयरपोर्ट के रूप में भी अपनी जगह बना चुका है। हर दिन लाखों यात्री यहां से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सफर करते हैं, जिससे दिल्ली एयरपोर्ट वैश्विक ट्रांजिट हब के रूप में तेजी से उभर रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली एयरपोर्ट अब दुनिया के लगभग 150 गंतव्यों से जुड़ने वाला भारत का पहला एयरपोर्ट बन गया है। हाल ही में बैंकॉक-डॉन मुआंग (DMK) के लिए शुरू हुई नई डायरेक्ट फ्लाइट के साथ यह उपलब्धि हासिल हुई। अब यात्रियों को दिल्ली से दुनिया के 150 शहरों तक सीधी या आसान कनेक्टिविटी मिल रही है। थाई एयरएशिया एक्स द्वारा संचालित इस नई सेवा ने भारत और थाईलैंड के बीच हवाई संपर्क को और मजबूत कर दिया है।
दिल्ली एयरपोर्ट सिर्फ कनेक्टिविटी के मामले में ही नहीं, बल्कि सुविधाओं और आधुनिक तकनीक के लिहाज से भी दुनिया के सबसे बेहतरीन एयरपोर्ट्स में गिना जाता है। यह एयरपोर्ट विश्व के 10 सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल है और यात्रियों की सुविधा के लिए यहां अत्याधुनिक टर्मिनल, हाईटेक सिक्योरिटी सिस्टम, स्मार्ट ट्रांजिट व्यवस्था और विश्वस्तरीय सेवाएं उपलब्ध हैं।