रील के चक्कर में जाएगी नौकरी! रेलवे बोर्ड की कर्मचारियों को दो टूक चेतावनी,ऑन-ड्यूटी वीडियो बनाने पर सख्त पाबंदी

Railway Board Action on Reels: भारतीय रेलवे ने ऑन-ड्यूटी रील, वीडियो और फोटो बनाने वाले रेल कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। नियमों का उल्लंघन करने पर सीधे निलंबन (Suspension) और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

railway board strict action on duty reels video rail employe
रील के चक्कर में जाएगी नौकरी! रेलवे बोर्ड की कर्मचारियों को दो टूक चेतावनी- फोटो : news 4 nation

अगर आप रेल कर्मचारी हैं और ड्यूटी के दौरान चलती ट्रेन, स्टेशन या कंट्रोल रूम में रील बनाकर सोशल मीडिया पर 'स्टार' बनने का शौक रखते हैं, तो सावधान हो जाइए। आपकी यह रील अब आपकी नौकरी पर भारी पड़ सकती है। भारतीय रेलवे ने ऑन-ड्यूटी वीडियो, फोटो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर चमकाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। रेलवे बोर्ड ने देश के सभी जोन और मंडलों को पत्र जारी कर "रेलवे सेवा आचरण नियमावली" का कड़ाई से पालन कराने और दोषी कर्मचारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया है।


सतर्कता विभाग की जांच में खुलासा: संवेदनशील जगहों के वीडियो हो रहे थे लीक

दरअसल, रेलवे के सतर्कता विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई रेलकर्मी अपनी ड्यूटी छोड़कर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने में व्यस्त हैं। जब इस मामले की जांच की गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि कुछ कर्मचारी चलती ट्रेन के इंजन (केबिन), संवेदनशील कंट्रोल रूम और स्टेशन परिसर के अंदरूनी सुरक्षा दृश्यों को रिकॉर्ड कर रहे थे। सिग्नल व सुरक्षा से जुड़े बेहद संवेदनशील कामों और उपकरणों की वीडियो बनाकर इंटरनेट पर धड़ल्ले से साझा की जा रही थी, जो रेलवे की सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक है। इतना ही नहीं, कुछ कर्मचारी इन वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर व्यूज बटोरकर मोनेटाइजेशन के जरिए अवैध रूप से आर्थिक लाभ भी कमा रहे थे।


यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़: मोबाइल के इस्तेमाल से भटकता है ध्यान

रेलवे बोर्ड ने अपने आदेश में साफ किया है कि ट्रेन परिचालन से जुड़े संवेदनशील कामों के दौरान मोबाइल का ऐसा गैर-जरूरी इस्तेमाल कर्मचारियों का ध्यान भटकाता है। सिग्नलिंग और केबिन जैसी जगहों पर थोड़ी सी भी लापरवाही बड़ी रेल दुर्घटनाओं को न्योता दे सकती है। ऑन-ड्यूटी रील बनाना न सिर्फ घोर अनुशासनहीनता है, बल्कि यह सफर करने वाले लाखों यात्रियों की सुरक्षा के साथ भी एक बड़ा खिलवाड़ है। इसी को देखते हुए रेलवे प्रशासन अब किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है।


रेलवे की दो टूक चेतावनी: पकड़े जाने पर सीधे सस्पेंशन और दंडात्मक कार्रवाई

रेलवे विभाग ने अब साफ और दो टूक चेतावनी जारी कर दी है। नए निर्देशों के मुताबिक, अब अगर कोई भी रेलकर्मी या पदाधिकारी ऑन-ड्यूटी रील या वीडियो बनाते हुए पकड़ा गया, तो उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया जाएगा। इसके साथ ही आरोपी कर्मचारी के खिलाफ गंभीर विभागीय जांच बिठाई जाएगी और कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की गाज गिरेगी। रेलवे का उद्देश्य साफ है—ड्यूटी के समय सिर्फ और सिर्फ सुरक्षित ट्रेन परिचालन पर ध्यान केंद्रित होना चाहिए।