जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर वायुसेना का विमान क्रैश, विमान में लगी भीषण आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वायुसेना का AN-32 परिवहन विमान जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन के परिसर के भीतर ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ। विमान के जमीन पर गिरते ही उसमें आग लग गई।
IAF plane crashes : असम के जोरहाट स्थित एयर फोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायु सेना का एक परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा लैंडिंग के दौरान हुआ, जिसके बाद विमान में भीषण आग लग गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि विमान दो हिस्सों में टूट गया और घटनास्थल से दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वायुसेना का AN-32 परिवहन विमान जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन के परिसर के भीतर ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ। विमान के जमीन पर गिरते ही उसमें आग लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही एयर फोर्स स्टेशन की आपातकालीन टीमों को सक्रिय कर दिया गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
घटना के बाद दमकल की कई गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड की टीमों ने आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया और प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। फिलहाल दुर्घटना में हुए नुकसान और विमान में सवार लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि विमान लैंडिंग की प्रक्रिया में था, तभी अचानक हादसे का शिकार हो गया। हालांकि दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। भारतीय वायु सेना की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
वायुसेना और संबंधित एजेंसियां दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई हैं। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।