SIR : पूर्व डिप्टी पीएम आडवाणी, पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़, एक्स सीएम केजरीवाल कई सांसदों समेत 31 लाख से अधिक मतदाताओं को चुनाव आयोग का नोटिस

नोटिस उन मतदाताओं को भेजे जा रहे हैं जिनका रिकॉर्ड 2002 की पिछली SIR मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाया या जिनके रिकॉर्ड में नाम, जन्मतिथि और माता-पिता से जुड़े विवरण में तार्किक विसंगतियां पाई गईं।

 SIR
SIR- फोटो : news4nation

SIR :  मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई प्रमुख लोगों के नाम उन मतदाताओं की सूची में शामिल हैं, जिन्हें निर्वाचन आयोग ने नोटिस जारी किया है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, अब तक 31,63,930 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।


नोटिस उन मतदाताओं को भेजे जा रहे हैं जिनका रिकॉर्ड 2002 की पिछली SIR मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाया या जिनके रिकॉर्ड में नाम, जन्मतिथि और माता-पिता से जुड़े विवरण में तार्किक विसंगतियां पाई गईं। मतदाताओं से अपनी पात्रता साबित करने के लिए संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) के समक्ष आवश्यक दस्तावेज जमा करने को कहा गया है।


आडवाणी और परिवार को भी नोटिस

98 वर्षीय लालकृष्ण आडवाणी और उनके परिवार के कुछ सदस्यों को 2002 की मतदाता सूची से रिकॉर्ड मैप नहीं होने के आधार पर नोटिस मिला है। वहीं, उनके बेटे जयंत का रिकॉर्ड इस प्रक्रिया में स्पष्ट पाया गया है। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश को भी नोटिस मिला है। इसी तरह पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसएस संधू के रिकॉर्ड में नाम के अंतर को आधार बनाया गया, जबकि उनकी पत्नी डॉ. हरलीन कौर संधू का रिकॉर्ड स्पष्ट रहा। उनके बेटे दमनबीर को माता-पिता के नाम में विसंगति के कारण नोटिस दिया गया।


केजरीवाल परिवार भी सूची में

पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा उनके परिवार के सदस्यों को 2002 की पिछली SIR सूची से रिकॉर्ड मैप नहीं होने के कारण नोटिस जारी किया गया है। उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, माता-पिता और बेटे का नाम भी नोटिस पाने वालों में शामिल है।


दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को उनके रिकॉर्ड में उम्र संबंधी विसंगति के कारण नोटिस दिया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, दस्तावेजों की जांच और भौतिक सत्यापन के बाद उनकी चुनावी प्रविष्टि को सत्यापित कर दिया गया है। उनका नाम 4 नवंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।


कई अन्य प्रमुख नाम भी शामिल

नोटिस पाने वालों में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व कैबिनेट सचिव राजीव गौबा, विदेश सचिव विक्रम मिस्री, पूर्व वायुसेना प्रमुख एनए के ब्राउन, नई दिल्ली सांसद बांसुरी स्वराज और दिल्ली के मंत्री परवेश साहिब सिंह समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं।


इसके अलावा पूर्व सीजेआई बीएन कृपाल, पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज एएम खानविलकर, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की बेटी स्वाति, पूर्व प्रधानमंत्री आईके गुजराल के बेटे नरेश गुजराल और पूर्व सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के नाम भी नोटिस पाने वालों की सूची में बताए गए हैं।


निर्वाचन विभाग के मुताबिक, नोटिस पाने वाले मतदाताओं को संबंधित ERO के समक्ष जवाब और जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। दिल्ली में दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया जारी है और अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जानी है।