ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, CJP प्रदर्शन में शामिल होने वाले कई नेताओं पर शिकंजा
प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली पहुंचे CJP के प्रमुख नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को विमान से उतरने के बाद हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई। इसके अलावा ममता बनर्जी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है
CJP : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों और नेताओं को हिरासत में लिया।पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित इस प्रदर्शन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाए जाने थे। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी और राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
जंतर-मंतर जाने से पहले हिरासत में
प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली पहुंचे CJP के प्रमुख नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को विमान से उतरने के बाद हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई। इसके अलावा, जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भी पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर ले जाने के दृश्य भी सामने आए।
SIR और चुनाव आयोग को लेकर विरोध
CJP ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी। हालांकि, चुनाव आयोग ने प्रक्रिया को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बाद दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई। कई इलाकों में बैरिकेडिंग की गई और मेट्रो सेवाओं पर भी प्रतिबंध लगाए गए।
विपक्षी दलों और नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने CJP नेताओं को हिरासत में लिए जाने की आलोचना की।