Bihar student protest: लोकसभा में गूंजी छात्रों पर कार्रवाई की आवाज, रिहाई नहीं हुई तो बिहार में होगा व्यापक आंदोलन, विपक्ष की सत्ता पक्ष को चेतावनी

Bihar student protest: बिहार में छात्र-छात्राओं के आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई का मुद्दा सोमवार को लोकसभा में जोर-शोर से उठाया गया।

Opposition Seeks Release of Held Students Warns of Bihar Sti
लोकसभा में गूंजी छात्रों पर कार्रवाई की आवाज- फोटो : reporter

Bihar student protest: बिहार में छात्र-छात्राओं के आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई का मुद्दा सोमवार को लोकसभा में जोर-शोर से उठाया गया। विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, गोलीबारी और बड़ी संख्या में दर्ज मुकदमों को लेकर केंद्र और बिहार सरकार पर निशाना साधा। संसद में मांग की गई कि गिरफ्तार छात्रों और जनप्रतिनिधियों को तत्काल रिहा किया जाए तथा उनके खिलाफ दर्ज मामलों की निष्पक्ष समीक्षा की जाए।

संसद में उठाए गए मुद्दे के दौरान कहा गया कि बिहार के विभिन्न शैक्षणिक मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे 700 से अधिक छात्र-छात्राओं पर बल प्रयोग किया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष शांतनु, विधायक संदीप सौरभ तथा पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव समेत कई लोगों की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने इन सभी की अविलंब और बिना शर्त रिहाई की मांग की।

विपक्षी नेताओं ने छात्रों के आंदोलन के दौरान विशेष कार्य बल (STF) की तैनाती पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे निहत्थे छात्रों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। साथ ही आरोप लगाया गया कि छात्रों पर दर्ज कई मुकदमे फर्जी हैं और इन्हें वापस लिया जाना चाहिए।

संसद में यह भी कहा गया कि शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे युवाओं के साथ कठोर कार्रवाई लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। विपक्ष ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं की मांगों का समाधान बातचीत से होना चाहिए, न कि बल प्रयोग से।

विपक्षी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार छात्र नेताओं, जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों को शीघ्र रिहा नहीं किया गया तथा उनके खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा नहीं की गई, तो पूरे बिहार में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। उनका कहना था कि यह संघर्ष न्याय मिलने तक सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगा।

रिपोर्ट- धीरज कुमार सिंह