छात्रों पर कैसे चला पैलेट गन, अमित शाह से जवाब की मांग पर विपक्ष का भारी हंगामा, लोकसभा-राज्यसभा 2 बजे तक स्थगित

संसद परिसर में कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, इमरान प्रतापगढ़ी, संजना जाटव, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ म

Parliament Monsoon Session
Parliament Monsoon Session- फोटो : news4nation

Parliament Monsoon Session : संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को 'पैलेट गन के इस्तेमाल' के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।


संसद परिसर में कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, इमरान प्रतापगढ़ी, संजना जाटव, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा समेत कई विपक्षी सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह से पैलेट गन के इस्तेमाल के मुद्दे पर सदन में जवाब देने की मांग की। वहीं, पंजाब में कथित पेपर लीक के विरोध में एनडीए के सांसदों ने भी संसद परिसर में प्रदर्शन किया और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।


लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर स्पीकर ओम बिरला ने विपक्ष से सदन चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के लिए समय तय किया गया है और विपक्ष को उसमें भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा, "सदन चलने दीजिए, बातचीत हो। गतिरोध पैदा मत करिए। हमारी भी बात सुनिए और अपनी बात भी रखिए।" हालांकि, विपक्ष के लगातार हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।


 'मंगल मिलन' बैठक

इससे पहले सुबह 9:30 बजे संसद भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक 'मंगल मिलन' बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत एनडीए के वरिष्ठ नेता और सांसद शामिल हुए। पहली बार नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) को भी बैठक में आमंत्रित किया गया।


हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर एनसीपीआई में शामिल हुए सांसद सुदीप बंदोपाध्याय, काकोली घोष, शताब्दी रॉय, शर्मिला सरकार और मिताली बाग सहित अन्य नेताओं ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में मानसून सत्र के दौरान सरकार की रणनीति, परीक्षा सुधार और अन्य प्रमुख राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई।


इन विधेयकों पर चर्चा 

संसद में आज पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर विस्तृत चर्चा होनी है। लोकसभा स्पीकर ने इस पर चर्चा के लिए छह घंटे का समय निर्धारित किया है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर बढ़ाया भी जा सकता है। सोमवार को पेश किए गए इस विधेयक में 2024 के कानून को और अधिक सख्त बनाने का प्रस्ताव है। इसके तहत पेपर लीक के आरोपियों के लिए कड़ी सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान किया गया है। साथ ही राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को विशेष फास्ट ट्रैक अदालतें गठित करने का अधिकार दिया जाएगा, जहां ऐसे मामलों की रोजाना सुनवाई होगी।