जंतर-मंतर से संसद तक पहुंचा छात्र आंदोलन, काले कपड़ों में पहुंचे विपक्षी सांसद, दोनों सदनों में भारी हंगामा

विपक्षी सांसदों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होने के करीब एक मिनट बाद ही स्थगित कर दी गई। दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन हंगामा जारी रहने के कारण करीब पांच मिनट बाद फिर से दोपहर 2 बजे तक कार्यवाही स्थग

 Lok Sabha- Rajya Sabha Adjourned
Lok Sabha- Rajya Sabha Adjourned- फोटो : news4nation

Lok Sabha- Rajya Sabha Adjourned :  संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लोकसभा और राज्यसभा में जोरदार हंगामा हुआ। विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और इन मुद्दों पर तत्काल चर्चा की मांग की। हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ी। 


विपक्षी दलों के सांसद आज काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने काले कपड़े पहनकर छात्रों के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। विपक्ष का आरोप है कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसी कार्रवाई के विरोध में विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है।


अखिलेश यादव ने उठाया छात्राओं  मुद्दा

लोकसभा में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने छात्रों के आंदोलन और पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि प्रदर्शन कर रही बेटियों के कपड़े फाड़ने का अधिकार पुलिस को किसने दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि यह मुद्दा किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं का है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट की गई। अखिलेश ने कहा कि प्रधानमंत्री सदन के बाहर बयान दे सकते हैं, तो फिर इस मुद्दे पर संसद में आकर जवाब क्यों नहीं देते।


कांग्रेस ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई

लोकसभा में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष की मांग स्पष्ट है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा। इसके जवाब में संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि सरकार पिछले तीन दिनों से लगातार NEET पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा कराने की पेशकश कर रही है। सरकार ने विपक्ष से सदन में चर्चा में शामिल होने की अपील की।


हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बार-बार स्थगित

विपक्षी सांसदों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होने के करीब एक मिनट बाद ही स्थगित कर दी गई। दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन हंगामा जारी रहने के कारण करीब पांच मिनट बाद फिर से दोपहर 2 बजे तक कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। राज्यसभा में भी विपक्षी सांसदों ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की मांग की। हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।


राज्यसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी और सैयद नासिर हुसैन ने राज्यसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और देश की परीक्षा व्यवस्था पर चर्चा की मांग की। नोटिस में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, NEET पेपर लीक और CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस सांसदों ने कहा कि इन मामलों पर सदन में तत्काल चर्चा जरूरी है।


जंतर-मंतर से संसद तक पहुंचा छात्र आंदोलन का मुद्दा

दरअसल, 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों ने पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इसके बाद कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके दौरान विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। इसी घटनाक्रम के विरोध में बुधवार को राहुल गांधी समेत कांग्रेस और अन्य विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे।