तमिलनाडु में सरकार गठन पर घमासान, राज्यपाल ने विजय को नहीं दिया सरकार बनाने का अवसर, भाजपा पर बरसे कांग्रेस

34 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। टीवीके के पास 108 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन के बाद भी संख्या 113 ही पहुंच रही है।

Tamil Nadu government formation
Tamil Nadu government formation- फोटो : news4nation

Tamil Nadu government formation : तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सी जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन बहुमत के आंकड़े से पीछे होने के कारण सरकार गठन पर पेंच फंस गया है। इसी बीच कांग्रेस ने भाजपा और राज्यपाल पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद और राहुल गांधी के करीबी नेता माकिम टेगोर ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु की जनता ने बदलाव और नए नेतृत्व के लिए वोट दिया है, लेकिन भाजपा विजय को मुख्यमंत्री नहीं बनने देना चाहती। उन्होंने कहा कि टीवीके के 108 विधायक जीतकर आए हैं और कांग्रेस के समर्थन से यह संख्या 113 तक पहुंच गई है। इसके बावजूद राज्यपाल सरकार गठन में देरी कर रहे हैं।


दरअसल, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने गुरुवार को विजय से साफ कहा कि सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत साबित किए बिना उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ नहीं दिलाई जा सकती। दो दिनों में दूसरी बार हुई मुलाकात में राज्यपाल ने कहा कि विधानसभा में आवश्यक समर्थन अभी स्पष्ट नहीं है।


234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। टीवीके के पास 108 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन के बाद भी संख्या 113 ही पहुंच रही है। ऐसे में विजय अभी बहुमत के आंकड़े से चार सीट पीछे हैं। संवैधानिक विशेषज्ञों का कहना है कि राज्यपाल की जिम्मेदारी होती है कि सरकार बनाने का दावा करने वाले नेता के पास पर्याप्त बहुमत हो। मुख्यमंत्री की नियुक्ति राज्यपाल के विवेकाधिकार के तहत होती है और वह बहुमत को लेकर संतुष्ट होने के बाद ही सरकार गठन का न्योता दे सकते हैं।


वहीं वाम दलों और सहयोगी पार्टियों ने राज्यपाल से शपथ ग्रहण में देरी नहीं करने की मांग की है। CPI, CPI(M) और VCK ने कहा कि चूंकि टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, इसलिए विजय को सरकार बनाने का मौका दिया जाना चाहिए।


इसी बीच टीवीके के संयुक्त महासचिव CTR Nirmal Kumar ने CPI नेताओं से मुलाकात कर समर्थन मांगा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने वाम दलों, VCK और IUML से भी समर्थन का अनुरोध किया है और उन्हें भरोसा है कि टीवीके सरकार बनाएगी। हालांकि NDA से समर्थन लेने के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि पार्टी ने भाजपा गठबंधन से कोई संपर्क नहीं किया है और न ही ऐसा कोई इरादा है। अब सबकी नजर विजय की अगली रणनीति और संभावित समर्थन जुटाने की कवायद पर टिकी है।