दिल दहलाने वाला हादसा, 8 महिला मजदूरों को बीच सड़क पर ट्रक ने रौंदा, दर्दनाक मौत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही 7 महिलाओं की मौत हो गई। एक अन्य महिला ने जालना के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

Road Accident
Road Accident- फोटो : news4nation

Road Accident : सड़क किनारे काम कर रही 8 महिला मजदूरों की दर्दनाक मौत का मामला महाराष्ट्र के जालना जिले में बुधवार शाम घटित हुई। भीषण सड़क हादसा में 8 महिला मजदूरों की जान चली गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कदवांची गांव के पास हुई। पुलिस के अनुसार, सभी महिलाएं एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम खत्म कर टेम्पो से अपने घर लौट रही थीं। टेम्पो में ड्राइवर समेत कुल 11 लोग सवार थे। जैसे ही गाड़ी स्टार्ट होने वाली थी, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही 7 महिलाओं की मौत हो गई। एक अन्य महिला ने जालना के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और शव सड़क पर बिखरे पड़े थे। 


मृतकों की पहचान अलकाबाई अदमाने (45), लक्ष्मीबाई मदान (35), मीना अदमाने (45), कंचन अदमाने (50), ताराबाई चौधरी (60), कदुबाई मदान (55) और सुमन अदमाने (70) के रूप में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए हैं। 


वहीं, राज्य की मंत्री पंकजा मुंडे ने भी हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। प्रशासन के अनुसार, जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।