उप मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, 2000 फीट ऊंचाई पर बंद हुआ डिस्प्ले

बताया जा रहा है कि लैंडिंग के समय तक हेलिकॉप्टर के अंदर काफी धुआं भर चुका था। हालांकि पायलट की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया।

 helicopter makes emergency landing
helicopter makes emergency landing- फोटो : news4nation

Helicopter emergency landing: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलिकॉप्टर की शनिवार को तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हालांकि पायलट की सूझबूझ से हेलिकॉप्टर को सुरक्षित उतार लिया गया और उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार, केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ से कौशांबी के लिए हेलिकॉप्टर से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद अचानक हेलिकॉप्टर के डिस्प्ले सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। इसके साथ ही केबिन के अंदर धुआं भरने लगा, जिससे स्थिति गंभीर हो गई।


स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। उस समय तक हेलिकॉप्टर करीब 50 किलोमीटर दूर बछरावां इलाके तक पहुंच चुका था। एटीसी से अनुमति मिलने के बाद पायलट ने हेलिकॉप्टर को वापस लखनऊ की ओर मोड़ दिया। इसके बाद सुबह करीब 11:15 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर हेलिकॉप्टर की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।


बताया जा रहा है कि लैंडिंग के समय तक हेलिकॉप्टर के अंदर काफी धुआं भर चुका था। हालांकि पायलट की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया। हेलिकॉप्टर में सवार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कुल छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


घटना के बाद तकनीकी टीम हेलिकॉप्टर की जांच में जुट गई है ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी सतर्कता बरत रही हैं।