बेटे के जनाजे में माफिया अतीक की बेगम शाइस्ता की सरप्राइज एंट्री? बुर्कानशीं भीड़ पर पुलिस की रही पैनी निगाह
Atiq Ahmed: माफिया अतीक अहमद की पत्नी और उमेश पाल हत्याकांड में वांछित शाइस्ता परवीन एक बार फिर सुर्खियों के केंद्र में आ गई।...
Atiq Ahmed: माफिया अतीक अहमद की पत्नी और उमेश पाल हत्याकांड में वांछित शाइस्ता परवीन एक बार फिर सुर्खियों के केंद्र में आ गई। छोटे बेटे आबान की सड़क हादसे में मौत के बाद शुक्रवार को जब उसका शव हटवा गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में एक ही सवाल तैरता रहा क्या फरार शाइस्ता अपने लाडले का आखिरी दीदार करने पहुंची थी?
आबान का शव गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। बड़ी तादाद में बुर्कानशीं महिलाएं भी वहां मौजूद थीं। इसी बीच भीड़ में शाइस्ता के छिपकर पहुंचने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया। कुछ लोगों ने दावा किया कि वह गुपचुप तरीके से गांव पहुंची, बेटे का आखिरी दीदार किया और फिर पुलिस की नजरों से बचकर निकल गई। हालांकि इन दावों की कोई आधिकारिक तस्दीक नहीं हो सकी।
शाइस्ता के संभावित पहुंचने की भनक को लेकर पुलिस पहले से मुस्तैद थी। एसीपी धूमनगंज अजयेंद्र यादव के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस गांव में तैनात रही। महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी गई। खुफिया एजेंसियां भी पूरे दिन सक्रिय रहीं। पुलिस का साफ कहना है कि शाइस्ता के गांव पहुंचने का कोई ठोस सबूत नहीं मिला।
परिवार के करीबियों के मुताबिक आबान अपनी मां का बेहद लाडला था। वर्ष 2023 में अतीक और अशरफ की हत्या के बाद गिरफ्तारी के डर से शाइस्ता फरार हो गई थी। करीब तीन साल से पुलिस उसकी तलाश में है, लेकिन उसका कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगा।
इस बीच आबान की मौत ने परिवार की त्रासदी को और गहरा कर दिया है। अतीक का बेटा असद 2023 में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। दो बेटे उमर और अली जेल में हैं, जबकि शाइस्ता अब भी फरार है। आबान की कार डिवाइडर से टकराने के बाद हादसे का शिकार हुई, जिसमें सोनू की भी मौत हुई और तीन लोग घायल हुए।जनाज़े के बीच शाइस्ता की मौजूदगी का रहस्य बरकरार है लेकिन पुलिस की निगाहें अब भी उसी साये की तलाश में हैं।