ऑनलाइन गेम ने ली तीन बहनों की जान,सुसाइड नोट में छलका दर्द "गेम ही हमारी जिंदगी थी"

गाजियाबाद में तीन नाबालिग सगी बहनों ने नौवीं मंजिल से कूद कर आत्महत्या कर ली है. पुलिस के मुताबिक, तीनों को ऑनलाइन गेम की लत थी.पुलिस को 8 पन्नों का एक सुसाइड नोट और एक डायरी बरामद हुई है, जो इस त्रासदी की गहराई को बयां करती है.

Ghaziabad Sisters Suicide Online Game
ऑनलाइन गेम ने ली तीन बहनों की जान,सुसाइड नोट में छलका दर्द "गेम ही हमारी जिंदगी थी"- फोटो : news 4 nation

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित 'भरत सिटी' में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ तीन सगी बहनों (12, 14 और 16 साल) ने अपनी बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। बुधवार तड़के करीब 2 बजे हुई इस सामूहिक आत्महत्या ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस की शुरुआती जांच का इशारा एक खतरनाक 'कोरियन ऑनलाइन गेम' की तरफ है, जिसने इन मासूमों को मौत के टास्क तक पहुँचा दिया।

सुसाइड नोट में छलका दर्द: "गेम ही हमारी जिंदगी थी"

घटनास्थल से पुलिस को 8 पन्नों का एक सुसाइड नोट और एक डायरी बरामद हुई है, जो इस त्रासदी की गहराई को बयां करती है। नोट में बहनों ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा, "सॉरी मम्मी-पापा, जिस गेम को आप हमसे छुड़ाना चाहते थे, अब आपको एहसास होगा कि हम उससे कितना प्यार करते थे। कोरियन गेम ही हमारी जिंदगी थी।" नोट के अंत में एक रोता हुआ इमोजी और डायरी को सच मानकर पढ़ने की भावुक अपील भी लिखी मिली।

आधी रात का खौफनाक मंजर और सोची-समझी साजिश

पुलिस जांच के अनुसार, यह कोई अचानक उठाया गया कदम नहीं बल्कि एक सुनियोजित कृत्य लग रहा है। रात करीब 2:15 बजे पाखी, प्राची और विशिका चुपके से किचन की बालकनी में गईं और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया ताकि कोई उन्हें रोक न सके। इसके बाद तीनों ने एक-एक कर छलांग लगा दी। जब तक माता-पिता और गार्ड्स नीचे पहुँचे, तब तक तीनों बहनों की सांसें थम चुकी थीं।

कोरियन कल्चर का जुनून और स्कूल से दूरी

लड़कियों के पिता चेतन कुमार ने बताया कि पिछले 2-3 सालों से उनकी बेटियों पर कोरियन कल्चर और ऑनलाइन गेम्स का जुनून इस कदर हावी था कि उन्होंने स्कूल जाना तक छोड़ दिया था। उन्होंने अपने नाम भी कोरियन रख लिए थे और हर वक्त कोरिया जाने की जिद करती थीं। उनकी आपसी बॉन्डिंग इतनी गहरी थी कि वे खाना-पीना और नहाना जैसे रोजमर्रा के काम भी एक साथ ही करती थीं, जिसका अंत भी साथ में ही हुआ।

पुलिस की जांच और टूटते पिता की चेतावनी

DCP निमिष पटेल के मुताबिक, मोबाइल स्क्रीनशॉट्स से 'कोरियन लवर गेम' के संकेत मिले हैं, जिसमें 'सुसाइड' को आखिरी टास्क के रूप में दिखाया गया था। आशंका है कि मंझली बहन प्राची ने अन्य दोनों को इस आत्मघाती कदम के लिए प्रेरित किया। बदहवास पिता ने अन्य माता-पिता से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को ऐसे गेम्स से दूर रखें, जिन्हें वे मामूली समझते हैं, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही हँसते-खेलते परिवार को तबाह कर सकती है।