पीएम मोदी के एक हाथ में त्रिशूल एक में डमरु, बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर बड़ी सौगात, गंगा एक्सप्रेस-वे का तोहफा
Narendra Modi : नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने काशी दौरे के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री ने गर्भगृह में करीब 20 मिनट तक विधिवत पूजा की, जहां पांच पंडितों ने उन्हें मंत्रोच्चार के साथ पूजा कराई, माला पहनाई और त्रिपुंड लगाया। मंदिर से बाहर निकलने पर भाजपा नेताओं ने उन्हें त्रिशूल और डमरू भेंट किया, जिसे प्रधानमंत्री ने हाथ में उठाकर लहराया।
14 किलोमीटर लंबा रोड शो, भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री काशी की सड़कों पर करीब 14 किलोमीटर लंबा रोड शो करते हुए मंदिर पहुंचे। इस दौरान जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत हुआ। भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों पर झूमते नजर आए, जबकि काफिले पर फूलों की वर्षा की गई। प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया, हालांकि वे रास्ते में कहीं रुके नहीं। मंदिर के प्रवेश द्वार पर 108 बटुकों ने शंखनाद कर उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी की।
हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन
काशी दौरे के बाद प्रधानमंत्री हरदोई के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वे 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा और उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी को नई गति देगा।
11 साल में 54वां काशी दौरा
प्रधानमंत्री का यह पिछले 11 वर्षों में काशी का 54वां दौरा है और 2026 का पहला दौरा भी। इससे पहले वे नवंबर 2025 में वाराणसी आए थे।
6,350 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
अपने दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री ने करीब 6,350 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में हिस्सा लिया, जिसमें लगभग 50 हजार महिलाओं की भागीदारी रही।
राजनीतिक और विकास का संदेश
प्रधानमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था, जनसंपर्क और विकास परियोजनाओं के संगम के रूप में देखा जा रहा है। काशी में भव्य रोड शो और विकास योजनाओं की घोषणा के जरिए उन्होंने एक बार फिर अपने संसदीय क्षेत्र से मजबूत जुड़ाव का संदेश दिया।