West Bengal Assembly Elections: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए मतदान जारी, 142 सीटों पर वोटिंग, ममता बनर्जी के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई

West Bengal Assembly Elections: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है। सुबह से ही मतदाता लाइन में खड़े होकर मतदान कर रहे हैं। आज शाम मतदान के बाद एग्जिट पोल जारी किए जाएंगे।

वोटिंग
दूसरे चरण के लिए मतदान जारी - फोटो : News4Nation

West Bengal Assembly Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए बुधवार को मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। सुबह से ही मतदाता बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। इस चरण में राज्य के 8 जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। जिन जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें कोलकाता (उत्तर और दक्षिण), हावड़ा, नादिया, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली और पूर्वी बर्धमान शामिल हैं।

3.22 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान

इस चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं और करीब 3.22 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

भवानीपुर बनी हाई-प्रोफाइल सीट

इस चरण की सबसे चर्चित सीट भवानीपुर है। जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने भाजपा के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी चुनौती पेश कर रहे हैं। यह मुकाबला प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है और पूरे राज्य की नजर इस सीट पर टिकी हुई है।

बीजेपी और टीएमसी के लिए अग्निपरीक्षा

दूसरे चरण का मतदान भाजपा के लिए अहम माना जा रहा है। इससे तय होगा कि क्या पार्टी तृणमूल कांग्रेस के मजबूत गढ़ में सेंध लगा पाएगी या नहीं। इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण में उत्तर बंगाल में भाजपा की स्थिति की परीक्षा हुई थी, जबकि इस चरण में दक्षिण और मध्य बंगाल के राजनीतिक समीकरण स्पष्ट होंगे।

पिछले चुनाव के आंकड़े

2021 के चुनाव में इन 142 सीटों में से तृणमूल कांग्रेस ने 123 सीटें जीती थीं, जबकि भारतीय जनता पार्टी को 18 सीटें मिली थीं। इंडियन सेक्युलर फ्रंट ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी। चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई है। चुनाव आयोग ने एजेंसियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं ताकि मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो। 

आरोप-प्रत्यारोप का दौर

इस बीच शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि भवानीपुर सीट पर धांधली की साजिश रची जा रही है। हालांकि, इन आरोपों पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पीएम मोदी की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से रिकॉर्ड मतदान करने की अपील की है। उन्होंने खासतौर पर महिलाओं और युवाओं से बड़ी संख्या में वोट डालने का आग्रह किया है। फिलहाल मतदान जारी है और राजनीतिक दलों की नजर इस चरण के नतीजों पर टिकी हुई है, जो राज्य की सत्ता की तस्वीर साफ करेंगे। वहीं, शाम साढ़े 6 बजे के बाद एग्जिट पोल जारी किए जाएंगे।