West Bengal Violence: सुवेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या, चुनाव बाद हिंसा से दहला पश्चिम बंगाल , बीजेपी ने टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप

West Bengal Violence: भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ कीगोली मारकर हत्या कर दी गई है।...

Bengal Rocked by Post Poll Violence Suvendu Aide Shot Dead
सुवेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या, - फोटो : social Media

West Bengal Violence: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद शुरू हुई सियासी हिंसा अब और ज्यादा खौफनाक होती जा रही है। ताजा वारदात में भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे बंगाल में सियासी पारा चढ़ गया है और भाजपा ने सीधे तौर पर सत्तारूढ़ ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा है। 

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात चंद्रनाथ रथ कार से कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मध्यमग्राम इलाके में हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बीजेपी का दावा है कि चंद्रनाथ रथ को सीने और सिर में कई गोलियां लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कार चला रहा ड्राइवर भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसका इलाज स्थानीय नर्सिंग होम में चल रहा है। 

घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है। पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर गोलियों से छलनी वाहन को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस हमलावरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। 

इस बीच सुवेंदु अधिकारी ने इसे सोची-समझी साजिश और निर्मम राजनीतिक हत्या करार दिया है। उन्होंने कहा कि उनके सहयोगी की कई दिनों तक रेकी की गई और पूरी प्लानिंग के साथ हत्या को अंजाम दिया गया। भाजपा नेताओं का आरोप है कि चुनाव नतीजों के बाद बंगाल में लगातार राजनीतिक कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि, टीएमसी ने हत्या की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। 

चंद्रनाथ रथ लंबे समय से सुवेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे और भवानीपुर चुनाव में भी अहम भूमिका निभा चुके थे। उनकी हत्या ने बंगाल की कानून-व्यवस्था और चुनाव बाद हिंसा को लेकर फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा का दावा है कि चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य में अब तक कई राजनीतिक हत्याएं हो चुकी हैं, जिससे बंगाल की सियासत में डर और तनाव का माहौल गहरा गया है।