पश्चिम बंगाल में BJP सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को, इनको बनाया जाएगा मुख्यमंत्री
294 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए 206 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस को महज 81 सीटों पर संतोष करना पड़ा।
West Bengal Election : पश्चिम बंगाल की राजनीति में भाजपा ने इतिहास रचा है। राज्य के इतिहास में पहली बार भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने जा रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के मुताबिक नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को होगा। दिलचस्प बात यह है कि इसी दिन महान साहित्यकार रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती भी है, जिसे बांग्ला कैलेंडर के अनुसार 25 वैशाख के रूप में मनाया जाता है।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले नेताओं और मुख्यमंत्री के नाम का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत NDA शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री इसमें शामिल हो सकते हैं। वहीं भाजपा की पहली सरकार में मुख्यमंत्री कौन होंगे इसे लेकर मंथन का दौर जारी है। सीएम पद के प्रमुख दावेदारों में शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे है, वहीं भाजपा के भीतर ऐसी भी चर्चा है कि किसी महिला नेत्री को राज्य की कमान सौपी जाए। अगले दो दिनों में इस पर अंतिम फैसला होगा।
चुनाव परिणामों की बात करें तो 294 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए 206 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस को महज 81 सीटों पर संतोष करना पड़ा। वोट शेयर के लिहाज से भी भाजपा ने बढ़त बनाई है और 45 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल किए, जबकि टीएमसी को करीब 40 प्रतिशत वोट मिले।
गौरतलब है कि पिछले चुनाव (2021) में तस्वीर बिल्कुल अलग थी, जब टीएमसी ने 215 सीटें जीती थीं और भाजपा 77 सीटों तक सीमित रह गई थी। इस बार के नतीजों ने राज्य की सियासत में बड़ा उलटफेर कर दिया है।
चुनावी जीत के बाद भाजपा नेताओं ने जश्न मनाया। दिल्ली के CR पार्क स्थित कालीबाड़ी मंदिर में नितिन नवीन, रेखा गुप्ता, बांसुरी स्वराज और वीरेंद्र सचदेवा समेत कई नेताओं ने पूजा-अर्चना की। इस मौके पर नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार जताते हुए कहा कि राज्य की संस्कृति और विरासत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सभी राज्यों में शांति और समृद्धि की कामना भी की।