पश्चिम बंगाल में भाजपा के मुख्यमंत्री का चेहरा तय ! 8 मई को ऐलान, अमित शाह रहेंगे मौजूद
207 सीटों पर जीत हासिल कर पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाने जा रही भाजपा के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा तय करने को लेकर बड़ी जिम्मेदारी अमित शाह पर है.
West Bengal : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिले स्पष्ट बहुमत के बाद राज्य में अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाने को अंतिम प्रक्रिया गतिमान हो गई है. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को 207 सीटों पर जीत मिली है. वहीं 15 साल से सत्ताधारी रही टीएमसी को सिर्फ 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा. इस बीच भाजपा ने अपने अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाने और विधायक दल का नेता चुनने को लेकर केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में गृह मंत्री अमित शाह को नियुक्त किया है. वहीं सह पर्यवेक्षक के तौर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है.
सूत्रों के अनुसार 8 मई को बंगाल भाजपा विधायक दल की बैठक कोलकाता में होगी. माना जा रहा है कि सुवेंदु अधिकारी विधायक दल के नेता चुने जाएंगे. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष समीत भट्टाचार्य द्वारा सुवेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा जाएगा. गृह मंत्री अमित शाह सुवेंदु अधिकारी के विधायक दल नेता चुने जाने का ऐलान कर सकते हैं.
इनके नाम भी रेस में
हालांकि सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में BJP सरकार का नेतृत्व करने के लिए सबसे आगे चल रहे हैं, लेकिन सियासी हलकों में दूसरे दावेदारों को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं, जिनमें राज्य पार्टी प्रमुख समिक भट्टाचार्य, पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष और कॉलमिस्ट-कम-पॉलिटिशियन स्वपन दासगुप्ता शामिल हैं.
आनंदमय बर्मन भी दावेदार
यह भी अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि BJP के बड़े नेता आनंदमय बर्मन को भी इस टॉप पद के लिए चुन सकते हैं, जो पिछली विधानसभा के सदस्य थे और नॉर्थ बंगाल में अपने माटीगारा-नक्सलबाड़ी चुनाव क्षेत्र से फिर से चुने गए हैं. BJP ने हाल ही में हुए चुनावों में नॉर्थ बंगाल में 54 में से 40 विधानसभा सीटें जीतीं, जो 2021 के चुनावों में उसके 30 सीटों के पिछले रिकॉर्ड को पार कर गया. आनंदमय बर्मन को बड़ा पद देकर भाजपा राजबंशियों जो एक हिंदू दलित समुदाय है और नॉर्थ बंगाल क्षेत्र को भी एक संदेश दे सकती है पार्टी का गढ़ बनकर उभरा है.
भव्य हो शपथ समारोह
दरअसल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरलम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के रिजल्ट 4 मई को आए थे. असम और पुडुचेरी में NDA ने सरकार में वापसी की है. बंगाल, तमिलनाडु और केरलम में सरकारें बदल गईं. इसमें पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बन रही है. ऐसे में इस ऐतिहासिक जीत को भव्य बनाने के लिए कोलकाता में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को भी बेहद खास बनाने की तैयारी है. 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है. शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कई केंद्रीय मंत्रियों के मौजूद रहने की उम्मीद है.