पश्चिम बंगाल में शाम 3 बजे तक 78.77%, तमिलनाडु में 70% मतदान, बंगाल में भाजपा उम्मीदवार से मारपीट, कई जगह हंगामा

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव में जमकर मतदान हुआ है. शाम तीन बजे तक ही वोटिंग का पुराना रिकॉर्ड टूट गया है जिसके बड़े सियासी संकेत माने जा रहे हैं.

Assembly Election 2026
Assembly Election 2026- फोटो : news4nation

Assembly Election :  विधानसभा चुनाव 2026 के तहत विभिन्न राज्यों में मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक तमिलनाडु में करीब 70% और पश्चिम बंगाल  में 78.77% मतदान दर्ज किया गया है। हालांकि पश्चिम बंगाल के कई इलाकों से हिंसा, झड़प और तकनीकी गड़बड़ी की खबरें सामने आई हैं। पश्चिम बंगाल के दक्षिण मिदनापुर जिले के कुमारगंज सीट से सुवेंदु सरकार पर हमला हुआ। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वह भीड़ से बचने के लिए भाग रहे हैं, जबकि उनका सुरक्षा गार्ड उनके साथ मौजूद है। इसके बावजूद हमलावरों ने उन्हें घेरकर मारपीट की।



दरअसल पश्चिम बंगाल में उच्च मतदान प्रतिशत का रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2016 में राज्य में 83.17 फीसदी वोटिंग हुई थी जबकि 2016 के चुनाव में 82.66 फीसदी मतदान हुआ था। वहीं हिंसक चुनावी रंजिश का दौर इस बार भी बरकरार रहा है। सनसोल के बर्नपुर स्थित रहमतनगर इलाके में अग्निमित्रा पॉल की कार पर हमला किया गया। पत्थरबाजी में उनकी गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया। अग्निमित्रा पॉल ने आरोप लगाया कि एक मतदान केंद्र से निकलते समय उनकी गाड़ी को निशाना बनाया गया।



मुर्शिदाबाद जिले के नौदा क्षेत्र में वोटिंग से पहले बुधवार देर रात देसी बम फेंके जाने की घटना भी सामने आई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर जब मौके पर पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उनका विरोध किया। इसके अलावा सिलीगुड़ी में मतदान के दौरान भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। वहीं मालदा के एक मतदान केंद्र पर ईवीएम खराब होने से हंगामा हो गया। नाराज मतदाताओं ने चुनाव अधिकारियों को घेर लिया और विरोध जताया।



चुनाव आयोग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। वहीं तमिलनाडु में चुनाव शांतिपूर्ण रहे हैं। कहीं से कोई बड़ी अप्रिय घटना रिपोर्ट नहीं की गई है। तमिलनाडु में एक चरण में चुनाव है जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होता है। 29 अप्रैल को आखिरी चरण की वोटिंग है।