West Bengal Election 2026: कोलकाता में खूनखराबा, पार्टी के दौरान TMC कार्यकर्ता को मारी गोली
West Bengal Election 2026: कोलकाता में TMC कार्यकर्ता राहुल दे की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसको लेकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
West Bengal Election 2026: कोलकता में चुनाव से पहले एक और हिंसक घटना सामने आई है। बाघाजतिन के फूलबागान इलाके में बुधवार (25 मार्च 2026) की देर रात गोलीबारी में Trinamool Congress (TMC) के कार्यकर्ता राहुल दे की हत्या कर दी गई। यह घटना रात करीब 12:30 बजे एक बहुमंजिला इमारत की छत पर हुई, जहां उस समय पार्टी चल रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, राहुल दे अपने परिचित जीत मुखर्जी के घर गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से कोई बात नहीं हुई थी, लेकिन अचानक जीत ने राहुल को फोन करके बुलाया, जिससे मामला संदिग्ध बन गया है।
चश्मदीदों के मुताबिक, छत पर अचानक कुछ लोग पहुंचे और राहुल से नाम पूछने के बाद गोली चलानी शुरू कर दी। करीब तीन राउंड फायरिंग की गई। गंभीर रूप से घायल राहुल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। राहुल के भाई ने इस घटना को साजिश बताया है। उनका कहना है कि जब दोनों के बीच लंबे समय से कोई संपर्क नहीं था, तो अचानक बुलाकर इस तरह की घटना होना कई सवाल खड़े करता है।
पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई की
पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए जयंत नाम के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश हो रही है कि इस वारदात में और कौन-कौन शामिल थे। घटनास्थल के पास से कुछ बाइक भी जब्त की गई हैं, जिनका इस्तेमाल हमलावरों ने किया हो सकता है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और हर पहलू से जांच कर रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह हत्या राजनीतिक दुश्मनी की वजह से हुई या किसी निजी विवाद के कारण। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।