अररिया में दुस्साहस: टाटा शोरूम से दो नई नेक्सॉन कारें चोरी, सबूत मिटाने के लिए DVR भी ले गए चोर

बिहार के अररिया नगर थाना क्षेत्र के महादेव चौक पर स्थित टाटा शोरूम में चोरों ने शटर तोड़कर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर शोरूम से दो ब्रांड न्यू Tata Nexon कारें लेकर फरार हो गए

Araria crime Two new Nexon cars stolen from Tata showroom th
अररिया में दुस्साहस: टाटा शोरूम से दो नई नेक्सॉन कारें चोरी, सबूत मिटाने के लिए DVR भी ले गए चोर- फोटो : news 4 nation

बिहार के अररिया नगर थाना क्षेत्र के महादेव चौक पर स्थित टाटा शोरूम में चोरों ने शटर तोड़कर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर शोरूम से दो ब्रांड न्यू Tata Nexon कारें लेकर फरार हो गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि चोरों ने एक तीसरी गाड़ी भी चुराई थी जिसमें नंबर प्लेट लगी थी, लेकिन उसे शोरूम के बाहर सड़क पर ही छोड़ दिया गया.

शातिर तरीके से दिया अंजाम

चोरों ने इस चोरी की योजना बहुत ही शातिर तरीके से बनाई थी. वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने बिजली के पोल से शोरूम की लाइन काट दी ताकि अलार्म या लाइट न जले. पहचान छिपाने के लिए चोर शोरूम में लगे सीसीटीवी का डीवीआर (DVR) भी उखाड़ ले गए. इसके अलावा, उन्होंने शोरूम से इनवर्टर और बैटरी पर भी हाथ साफ कर दिया.

एसआईटी (SIT) करेगी जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने चोरों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया है. पुलिस शोरूम के मालिक मनोज पाटोदिया की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. एसपी ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

दुकानदारों में बढ़ा डर

इस हाई-प्रोफाइल चोरी के बाद स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों में दहशत का माहौल है. बाजार के व्यवसायियों ने रात के समय पुलिस गश्त और मुस्तैदी बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. शोरूम में सुरक्षा के बावजूद हुई इस चोरी ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।