Araria student dispute: अररिया पॉलिटेक्निक कॉलेज में रैगिंग का आरोप, गया के छात्र पर जानलेवा हमला, मचा हड़कंप

Araria student dispute: अररिया के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्रों के विवाद में सेकंड सेमेस्टर के छात्र रोशन कुमार घायल हो गए हैं। हालांकि, मामले के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

Araria student dispute
कॉलेज कैंपस में मारपीट - फोटो : freepik

Araria student dispute: अररिया जिले के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद एक छात्र के घायल होने का मामला सामने आया है। इस घटना में सेकंड सेमेस्टर के छात्र रोशन कुमार को चोटें आई हैं। रोशन कुमार गया जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल उनका इलाज पूर्णिया में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, थर्ड सेमेस्टर के कुछ छात्रों ने रोशन कुमार को बातचीत करने के बहाने लॉज से बाहर बुलाया। इसके बाद वहां किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और रोशन कुमार घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

पहले उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया। हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं और लगातार निगरानी में इलाज किया जा रहा है।पीड़ित छात्र के परिवार ने आरोप लगाया है कि रोशन कुमार को जानबूझकर बाहर बुलाया गया था। परिवार का कहना है कि पूरी घटना पहले से तय लगती है और मामले की ठीक से जांच होनी चाहिए। छात्र के दादा रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना 24 मई की रात करीब 10 बजे हुई थी। उन्होंने कहा कि अचानक हुए विवाद में उनके पोते को गंभीर चोटें लगी हैं।

कॉलेज प्रशासन ने मामले को गंभीर बताया

कॉलेज प्रशासन ने भी मामले को गंभीर बताया है। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य ई. अभिजीत कुमार ने कहा कि घटना कॉलेज कैंपस के बाहर लॉज के पास हुई है। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और जरूरत पड़ने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।लॉज मालिक पुष्पक राज ने बताया कि कुछ छात्र बातचीत करने के लिए रोशन कुमार को बाहर बुलाकर ले गए थे। इसके बाद वहां विवाद की स्थिति बन गई।

दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने नगर थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद कॉलेज और आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। छात्र और अभिभावक कॉलेज के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।