अररिया में बलुआही धार पार करते समय बड़ा हादसा, घास काटने जा रहीं दो महिलाओं की डूबने से मौत

अररिया में बलुआही धार पार करते समय बड़ा हादसा, घास काटने जा
बलुआही धार में डूबने से 2 महिलाओंं की मौत- फोटो : राजेश कुमार

Araria : जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत फुलकाहा थाना क्षेत्र के अमरोरी गांव (मानिकपुर पंचायत) में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मवेशियों के लिए घास काटने खेत जा रहीं दो महिलाएं बलुआही धार पार करते समय गहरे पानी में डूब गईं। ग्रामीणों की मदद से दोनों को पानी से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


पानी गहरा होने से बिगड़ा संतुलन, साथ चल रही महिलाओं ने मचाया शोर 

बताया जा रहा है कि अमरोरी गांव की करीब आधा दर्जन महिलाएं सुबह 10 बजे एक साथ घास काटने निकली थीं। खेत तक पहुंचने के लिए बलुआही धार पार करना अनिवार्य था। धार में पानी का स्तर अधिक होने के कारण 30 वर्षीय अर्चना देवी, पति कुंदन यादव और 35 वर्षीय अड़हुल देवी, पति अरुण यादव अचानक गहरे पानी में चली गईं। उन्हें डूबता देख साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर गांव वालों को एकत्र किया।


ग्रामीणों ने निकाला बाहर, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया 

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तत्काल बलुआही धार में उतरकर दोनों महिलाओं की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया और तुरंत फुलकाहा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।


परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा 

घटना की सूचना मिलते ही फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। इस घटना के बाद से ही दोनों मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।


गांव में पसरा मातम, धार पर सुरक्षा इंतजामों की मांग 

एक साथ दो महिलाओं की मौत से अमरोरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बलुआही धार में पानी अधिक रहने से आवागमन हमेशा जोखिम भरा रहता है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से धार के समीप सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने और पीड़ितों के परिवारों को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।


राजेश की रिपोर्ट