Bihar News : भोजपुर में जितिया पर्व पर पसरा मातम, सांप काटने से स्नातक पास युवक और नदी में डूबने से 12 वर्षीय मासूम की हुई मौत
Bihar News : बिहार के भोजपुर जिले में जितिया (जिउतिया) पर्व के पावन अवसर पर दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों ने दो माताओं की खुशियां मातम में बदल दीं।
ARA : जिले में जितिया पर्व के दिन एक मां की खुशियां मातम में बदल गईं। चांदी थाना क्षेत्र के भदवर गांव निवासी 25 वर्षीय पवन कुमार की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना कुल्हड़िया रेलवे स्टेशन के समीप की बताई जा रही है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक पवन कुमार, भदवर गांव निवासी अनिल कुमार सिंह के पुत्र थे। बताया जा रहा है कि पवन ने स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली थी और इन दिनों नौकरी की तलाश में थे। इसी बीच कुल्हड़िया स्टेशन के पास उन्हें सांप ने काट लिया। सांप के काटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पवन की मौत की सूचना मिलते ही गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। जिस दिन परिवार में जितिया पर्व को लेकर खुशी का माहौल होना था, उसी दिन जवान बेटे की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजद नेता रघुपति यादव भी आरा सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। युवक की अचानक हुई मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। परिजनों के अनुसार पवन पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने बेहतर भविष्य की तलाश में थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जितिया पर्व के दिन हुई इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
वहीँ भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोठहुला गांव में जिउतिया पर्व की शाम एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गोठहुला गांव निवासी पुष्पपति पासवान के पुत्र जागरित कुमार (12 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जिउतिया पर्व के अवसर पर जागरित कुमार अपनी मां के साथ गांव के समीप नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों के अनुसार जागरित चार भाइयों और एक बहन में तीसरे स्थान पर था। उसके दो बड़े भाई, एक छोटी बहन और एक छोटा भाई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आशीष की रिपोर्ट