Bihar Road Accident : भोजपुर में ट्रैक्टर पलटने से 21 वर्षीय चालक की हुई दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Bihar Road Accident : भोजपुर के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कोहड़ा मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में 21 वर्षीय ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है......पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोहड़ा मोड़ स्थित एक पेट्रोल पंप के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ रबीश लदा एक अनियंत्रित ट्रैक्टर अचानक पलट जाने से 21 वर्षीय चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान आयर थाना क्षेत्र के आयर गांव निवासी बंधु मुसहर के 21 वर्षीय पुत्र रंजीत मुसहर के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रंजीत ट्रैक्टर पर रबीश लादकर ले जा रहा था, तभी कोहड़ा मोड़ के पास अचानक वाहन से नियंत्रण खो गया और ट्रैक्टर बीच सड़क पर ही पलट गया। हादसे में रंजीत ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसने दम तोड़ दिया।
रंजीत बचपन से ही मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव में अपने मामा योगेंद्र मुसहर के घर पर रहकर बड़ा हुआ था। वह मेहनत-मजदूरी और ट्रैक्टर चलाकर ही अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन भाइयों—अमित, रवि और संजीत में सबसे बड़ा था और घर का मुख्य कमाऊ सदस्य था। कम उम्र में ही रंजीत के सिर पर पारिवारिक जिम्मेदारियाँ आ गई थीं। उसकी शादी दुर्गावती देवी से हुई थी और उसकी एक नन्हीं बेटी नंदनी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर के मुख्य चिराग के बुझ जाने से पत्नी दुर्गावती देवी और मासूम बेटी सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर मामले की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसा किस वजह से हुआ, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है।
आशीष की रिपोर्ट