भोजपुर में थाना परिसर में होमगार्ड जवान की गोली लगने से संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप

भोजपुर में थाना परिसर में होमगार्ड जवान की गोली लगने से संदि
थाना परिसर में होमगार्ड जवान की गोली लगने से संदिग्ध मौत- फोटो : आशीष

Arrah : जिले के संदेश थाना परिसर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहाँ थाना परिसर के भीतर स्थित एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। इस घटना के बाद से स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और शीर्ष अधिकारी मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।


सहार थाना क्षेत्र के गुलजारपुर का रहने वाला था मृतक जवान 

मृतक होमगार्ड जवान की पहचान 25 वर्षीय मोनल राय के रूप में की गई है, जो भोजपुर जिले के ही सहार थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गुलजारपुर गांव के निवासी थे। उनके पिता का नाम प्रेम शंकर राय है। जवान की अचानक इस तरह मौत होने से उनके परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


थाना परिसर के अंदर कैसे चली गोली, पुलिस जांच में जुटी 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि थाना परिसर के कमरे के भीतर जवान को गोली कैसे और किन परिस्थितियों में लगी। क्या यह किसी हादसे का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।


पुलिस महकमे में मचा हड़कंप 


सुरक्षाकर्मी की थाना परिसर के भीतर ही इस प्रकार मौत होने से पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए फोरेंसिक और तकनीकी टीम की मदद ली जा रही है ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें और मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।


पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद साफ होंगी मौत की असली वजहें 

फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर अपनी आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


आशीष की रिपोर्ट