Bihar News : भोजपुर में कुख्यात अपराधी लिली सिंह पर 50 हजार के इनाम का हुआ ऐलान, गृह विभाग ने भोजपुर पुलिस के प्रस्ताव को दी मंजूरी

Bihar News : भोजपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस ने फरार चल रहे कुख्यात अपराधी लिली सिंह ₹50,000 का इनाम घोषित किया है।

Bihar News : भोजपुर में कुख्यात अपराधी लिली सिंह पर 50 हजार
अपराधी पर 50 हज़ार का इनाम - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले में अपराधियों और मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस ने कुख्यात अपराधी एवं कथित मादक पदार्थ तस्कर लिली सिंह उर्फ अंशुमन उर्फ चाँद की गिरफ्तारी के लिए ₹50,000 (पचास हजार रुपये) का इनाम घोषित किया है। आरोपी जिले के सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव निवासी सुनील कुमार का पुत्र है। पुलिस के अनुसार, वह सात गंभीर आपराधिक कांडों में संलिप्त है और फिलहाल फरार चल रहा है। 

गृह विभाग को भेजा प्रस्ताव

भोजपुर पुलिस अधीक्षक की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित करने का प्रस्ताव बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) को भेजा गया था। प्रस्ताव पर विचार करने के बाद बिहार सरकार के गृह विभाग ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ₹50 हजार की पुरस्कार राशि स्वीकृत कर घोषित कर दी है।

गिरफ्तारी के लिए आम लोगों से मांगा गया सहयोग

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि फरार आरोपी के संबंध में किसी भी प्रकार की विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने या उसके ठिकाने के संबंध में सूचना देने वाले नागरिकों अथवा पुलिसकर्मियों को नियमानुसार घोषित पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। भोजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और नाम-पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपराधियों के संबंध में जानकारी होने पर बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क करें।

इन नंबरों पर दें सूचना

फरार आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर भोजपुर पुलिस अधीक्षक के मोबाइल नंबर 9031826621 अथवा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031826677 पर सूचना दी जा सकती है। पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अभियान जारी है।

आशीष की रिपोर्ट