Bihar Road Accident : आरा में ट्रेनिंग से लौट रही शिक्षिका को अनियंत्रित ट्रक ने रौंदा, मौके पर हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar Road Accident :भोजपुर जिले के आरा-पटना नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में 35 वर्षीय शिक्षिका की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया......पढ़िए आगे

Bihar Road Accident : आरा में ट्रेनिंग से लौट रही शिक्षिका क
शिक्षिका की मौत - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के आरा में शनिवार को एक सड़क हादसे में 35 वर्षीय शिक्षिका की मौत हो गई। आरा-पटना नेशनल हाईवे पर टाउन थाना क्षेत्र के धनुपरा स्थित जैन बाल विश्राम स्कूल के समीप तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से यह हादसा हुआ। मृतका अपने भाई के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतका की पहचान आरा शहर के वलीगंज मोहल्ला, वार्ड नंबर 33 निवासी एनुल हक की पुत्री तबस्सुम परवीन के रूप में हुई है। वह कोईलवर प्रखंड के सकड्डी स्थित उत्क्रमित हाई स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।

शिक्षकों की ट्रेनिंग से लौटते समय हुआ हादसा

परिजनों और शिक्षक अरशद वारसी से मिली जानकारी के अनुसार, तबस्सुम परवीन शनिवार की सुबह कुल्हड़िया स्थित हाई स्कूल में आयोजित इको क्लब की प्रशिक्षण कार्यशाला में शामिल होने गई थीं। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद वह अपने भाई सैफ अली के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान धनुपरा के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिक्षिका सड़क पर गिर गईं और ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक तथा दुर्घटना में शामिल वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

शिक्षिका की मौत से परिजनों में मातम

तबस्सुम परवीन की असामयिक मौत की खबर से उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। जिस शिक्षिका के लिए शनिवार का दिन प्रशिक्षण के बाद घर लौटने का सामान्य दिन होना था, वह सड़क हादसे के कारण उनके परिवार के लिए दुखद बन गया। घटना ने एक बार फिर व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

आशीष की रिपोर्ट