Bihar News : बिहार सरकार के सात निश्चय का असर, भोजपुर के सहार डिग्री कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया शुरू, अंकुश और वंशिका बने पहले छात्र

Bihar News : बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के अंतर्गत चौथे निश्चय—प्रत्येक प्रखंड में एक डिग्री महाविद्यालय की स्थापना—के तहत नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सहार में गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ हो गया।

Bihar News : बिहार सरकार के सात निश्चय का असर, भोजपुर के सहा
कॉलेज की शुरुआत - फोटो : SOCIAL MEDIA

ARA : बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी 'सात निश्चय कार्यक्रम' के अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। कार्यक्रम के चौथे निश्चय—"प्रत्येक प्रखंड में एक डिग्री महाविद्यालय की स्थापना"—के तहत नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सहार में गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ हो गया है। तकनीकी कारणों से जो प्रक्रिया 1 जुलाई को पूर्ण रूप से शुरू नहीं हो सकी थी, उसे आज तमाम अड़चनों को दूर करते हुए सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दिया गया।

वैदिक परंपरा के साथ हुआ शुभारंभ, अंकुश-वंशिका बने पहले विद्यार्थी

नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विकास चंद्र ने वैदिक परंपरा के अनुसार नारियल फोड़कर और फीता काटकर की। इस ऐतिहासिक दिन पर महाविद्यालय में दाखिला लेने वाले पहले छात्र अंकुश कुमार और पहली छात्रा वंशिका कुमारी बनीं। कॉलेज प्रबंधन द्वारा नए नामांकित छात्र-छात्राओं का स्वागत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए खुलेगा उच्च शिक्षा का द्वार

समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विकास चंद्र ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विजन की सराहना की। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप स्थापित यह राजकीय महाविद्यालय इस सुदूर और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का एक नया द्वार खोलेगा। अब यहाँ के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूरदराज के शहरों में नहीं भटकना पड़ेगा, जिससे क्षेत्र के शैक्षणिक और सामाजिक विकास को एक नई दिशा मिलेगी।"

शिक्षक, कर्मचारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस ऐतिहासिक और गरिमामयी अवसर पर क्षेत्र के कई शिक्षाविद और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्लस-टू उच्च विद्यालय, सहार के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार राय, आर.बी. सिंह, धीरज कुमार, सुनीता कुमारी सहित विद्यालय एवं महाविद्यालय के सभी शिक्षक, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

सफल संचालन में इनका रहा सराहनीय योगदान

कॉलेज में पहले दिन नामांकन की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने में कॉलेज स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस समस्त प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के सफल बनाने में मुकेश कुमार, मुकेश राम और मलखान कुमार का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।

आशीष की रिपोर्ट