बिजली कटौती से आक्रोषित लोगों ने सड़क पर की आगजनी, आरा-सासाराम मुख्य मार्ग किया जाम

भोजपुर जिले के गड़हनी में बिजली की अनवरत कटौती से परेशान लोगों का सब्र जबाव दे गया और वे सोमवार को सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगो ने आरा-सासाराम मुख्य मार्ग जामकर जमकर हंगामा किया.....

बिजली कटौती से आक्रोषित लोगों ने सड़क पर की आगजनी, आरा-सासार
बिजली कटौती से परेशान सड़क पर उतरे ग्रामीण- फोटो : आशीष

Arrah : भोजपुर जिले के गड़हनी प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत गड़हनी में बिजली की अनवरत कटौती और आंख-मिचौली से परेशान लोगों के सब्र का बांध टूट गया। भीषण गर्मी और उमस के बीच 24 घंटे में मात्र 3 से 4 घंटे बिजली मिलने से आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने आरा-सासाराम मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। 


इस दौरान उग्र प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


सड़क पर लगी गाड़ियों की लंबी कतारेंयातायात पूरी तरह ठप

अचानक हुए इस सड़क जाम और विरोध-प्रदर्शन के कारण आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ को शांत कराकर जाम हटाने के प्रयास में जुट गई।


डेवढ़ी प्लांट को बिजली बेचने का आरोपउग्र आंदोलन की चेतावनी

जाम का नेतृत्व कर रहे गड़हनी व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष श्रीनिवास सिंह ने बताया कि पूरा गड़हनी क्षेत्र पिछले एक महीने से बिजली की भीषण किल्लत से जूझ रहा है। 


उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता के हिस्से की बिजली डेवढ़ी प्लांट को बेची जा रही है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को मात्र 4 से 5 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


आशीष की रिपोर्ट