Bihar News : भोजपुर में असामाजिक तत्वों ने DPO और शिक्षा विभाग के कर्मियों पर किया जानलेवा हमला, तीन गंभीर रूप से हुए जख्मी

Bihar News : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में कार सवार हमलावरों ने जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं अन्य कर्मियों पर अचानक लाठी डंडे से जानलेवा हमला कर दिया.......पढ़िए आगे

Bihar News : भोजपुर में असामाजिक तत्वों ने DPO और शिक्षा विभ
शिक्षा कर्मियों पर हमला - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर ओवरब्रिज के पास अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) और अन्य कर्मियों पर लाठी-डंडों से अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने कार से पीछा कर अधिकारियों की गाड़ी को ओवरटेक करके रोका और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना में डीपीओ राहुल कुमार समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

कार से आए अपराधियों ने ओवरटेक कर रोका रास्ता

घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:00 बजे जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से काम निपटाकर डीपीओ सर्व शिक्षा अभियान राहुल कुमार, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक और एक अन्य कर्मी गाड़ी से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी रतनपुर ओवरब्रिज के समीप पहुंची, तभी आधा दर्जन से अधिक कार सवार अपराधियों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया और अचानक लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।

सदर अस्पताल में इलाज जारी, अपराधियों की तलाश तेज

अचानक हुए इस हमले से मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी और सनसनी का माहौल कायम रहा। शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, तो खुद को घिरता देख कार सवार अपराधी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत इलाज के लिए आरा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक और कर्मी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायलों ने बताया कि अपराधियों की मंशा जान से मारने की थी।

घटना से आक्रोश: मुफस्सिल थाने पहुंचे DEO और कर्मी

घटना की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) मानवेंद्र कुमार राय और शिक्षा विभाग के अन्य कर्मी व अधिकारी आक्रोशित होकर मुफस्सिल थाने पहुंचे। अधिकारियों और कर्मियों ने घटना पर गहरा विरोध जताते हुए अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। डीईओ मानवेंद्र कुमार राय ने बताया कि कार्यालय से लौट रहे अधिकारियों पर जानलेवा हमला किया गया है, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

हमले के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अपराधियों की पहचान के लिए इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल सभी हमलावरों को जल्द ही चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आशीष की रिपोर्ट