Arrah woman death: पैर दर्द की शिकायत पर गई थी इलाज कराने, इंजेक्शन लगने के बाद महिला की मौत! झोलाछाप डॉक्टर पर गंभीर आरोप

Arrah woman death: आरा के भोजपुर जिले के बेलघाट गांव में पैर दर्द के इलाज के लिए निजी क्लिनिक गई 30 वर्षीय महिला फूलकुमारी देवी की इंजेक्शन लगने के बाद तबीयत बिगड़ गई।

Arrah woman death

 Arrah woman death: बिहार के भोजपुर जिले के आरा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलघाट गांव की है। बताया जा रहा है कि महिला पैर में दर्द की शिकायत लेकर एक निजी क्लिनिक में इलाज कराने गई थी। वहां इंजेक्शन लगने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।

मृत महिला की पहचान बेलघाट गांव के रहने वाले राजन प्रसाद की 30 वर्षीय पत्नी फूलकुमारी देवी के रूप में हुई है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में भी लोगों की भीड़ जुट गई। मृतका के बेटे अनुज कुमार ने बताया कि उनकी मां को काफी दिनों से पैर में दर्द था। मंगलवार की सुबह वह अपने रोजमर्रा के काम निपटाने के बाद इलाज के लिए धोबहा बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक पहुंचीं। वहां मौजूद डॉक्टर ने उनका जांच करने के बाद एक इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाने के बाद डॉक्टर ने कहा कि दो दिन बाद आकर बताना कि दर्द में कितना आराम मिला।

परिजनों का आरोप

परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद फूलकुमारी देवी की तबीयत अचानक खराब होने लगी। उनकी हालत तेजी से बिगड़ती चली गई और थोड़ी ही देर में उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार के लोग सदमे में आ गए। अनुज कुमार ने बताया कि जिस निजी क्लिनिक में उनकी मां का इलाज किया गया, उसके संचालक का नाम डॉ. सागर सिंह बताया जाता है। परिवार का आरोप है कि इलाज में लापरवाही की वजह से उनकी मां की जान गई है।

डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग

घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल महिला की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।

आरा से आशीष की रिपोर्ट