Ara hospital news: आरा में डॉक्टरों की बड़ी सफलता, मरीज के हाथ से निकाला 1 किलो का ट्यूमर

Ara hospital news: आरा के मेडिकॉन हॉस्पिटल में डॉक्टर सूर्यकांत निराला ने 50 वर्षीय मरीज के हाथ से 1 किलो का Nerve Sheath Tumor सफल ऑपरेशन कर निकाला।

Ara hospital news
आरा के अस्पताल में सफल सर्जरी- फोटो : news4nation

Ara hospital news: भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के कोरान डिहरी गांव निवासी 50 वर्षीय जगरनाथ पासवान के बाएं हाथ की कलाई के ऊपर पिछले करीब चार वर्षों से बड़ा ट्यूमर था। जगरनाथ पासवान स्वर्गीय राघव पासवान के पुत्र हैं। लंबे समय से इस बीमारी के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

इलाज के लिए वह पटना, दानापुर, बिहटा और आरा के कई डॉक्टरों से मिले। कई डॉक्टरों ने उनके हाथ को काटने की सलाह दी थी, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं हुआ। हाथ को बचाने की उम्मीद में उन्होंने अंग्रेजी और आयुर्वेदिक समेत कई तरह की दवाइयों का भी सेवन किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद उनकी मुलाकात आरा शहर में एलआईसी बिल्डिंग के पास स्थित मेडिकॉन हॉस्पिटल के ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉक्टर सूर्यकांत निराला से हुई। मरीज ने डॉक्टर को अपनी पूरी समस्या बताई।

डॉ ने मरीज की सभी रिपोर्ट देखीं 

डॉ. सूर्यकांत निराला ने मरीज की सभी रिपोर्ट देखीं और कुछ जरूरी जांच कराई। जांच के बाद ऑपरेशन करने का फैसला लिया गया। सर्जरी सफल रही और डॉक्टरों ने मरीज के हाथ से करीब 1 किलो वजन का ट्यूमर बाहर निकाला। डॉ. सूर्यकांत निराला ने बताया कि यह Nerve Sheath Tumor था। यह नसों की बाहरी सुरक्षात्मक परत में बनने वाली गांठ होती है। उन्होंने कहा कि निकाले गए ट्यूमर को बायोप्सी जांच के लिए भेज दिया गया है। डॉक्टर ने यह भी बताया कि सबसे अच्छी बात यह रही कि ऑपरेशन के बाद मरीज की सभी उंगलियां सामान्य रूप से काम कर रही हैं। सर्जरी पूरी तरह सफल रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को इस तरह की समस्या है तो वह एक बार जरूर संपर्क करे। उनकी पूरी कोशिश रहेगी कि मरीज की परेशानी दूर हो सके। डॉक्टर ने कहा कि वह हमेशा लोगों की सेवा के लिए काम करते रहेंगे। यह सफल ऑपरेशन आरा के महावीर टोला स्थित मेडिकॉन हॉस्पिटल में किया गया।

आरा से आशीष की रिपोर्ट