Bihar News: सदर अस्पताल में सफाईकर्मियों की हड़ताल, 4-5 महीने से नहीं मिला है वेतन, सफाई व्यवस्था प्रभावित

Bihar News: सफाईकर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई।...

Sanitation Workers Strike
सदर अस्पताल में सफाईकर्मियों की हड़ताल- फोटो : reporter

Bihar News: आरा सदर अस्पताल में शुक्रवार को सफाईकर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई। कई महीनों से वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया। सफाईकर्मियों का कहना है कि लगातार मजदूरी बकाया रहने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो रहा है।

धरने पर बैठीं सफाईकर्मी गायत्री देवी ने दावा किया कि करीब चार महीने का वेतन बकाया है। उनके मुताबिक, भुगतान को लेकर लगातार तारीख पर तारीख दी जाती रही। कभी 5, कभी 10 और कभी 20 तारीख को भुगतान का आश्वासन मिला, लेकिन तय तारीख गुजरने के बाद भी खाते में रकम नहीं पहुंची।

सफाईकर्मियों ने बताया कि वे अपनी समस्या लेकर संबंधित बीपीएम और डीपीएम स्तर के अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे, लेकिन अधिकारियों के क्षेत्र भ्रमण पर होने की बात कहकर मुलाकात नहीं हो सकी। कर्मचारियों ने सुपरवाइजर पर भी सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। गायत्री देवी के अनुसार, कथित तौर पर उन्हें कहा गया कि “जो करना है कीजिए।” इसके बाद कर्मचारियों ने काम बंद कर धरना शुरू करने का फैसला लिया।

एक अन्य सफाईकर्मी ने करीब पांच महीने से मजदूरी नहीं मिलने का दावा किया। कर्मचारियों का कहना है कि कई लोग कर्ज लेकर या अपनी जेब से आने-जाने का खर्च उठाकर ड्यूटी कर रहे थे। लेकिन लगातार भुगतान नहीं होने से अब हालात बेहद मुश्किल हो गए हैं।

सफाईकर्मियों ने स्पष्ट किया है कि बकाया मजदूरी का भुगतान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, हड़ताल के कारण अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। सदर अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं, ऐसे में सफाई व्यवस्था बाधित होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अब अस्पताल प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार