Ara Junction accident: आरा जंक्शन पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन से गिरकर 4 साल के मासूम समेत दो की मौत
Ara Junction accident: आरा जंक्शन पर जनसाधारण एक्सप्रेस से गिरकर यूपी निवासी पिता और 4 साल के बेटे की मौत। सामान खरीदने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा।
Ara Junction accident: दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर आरा जंक्शन से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। प्लेटफार्म नंबर एक पर जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर उत्तर प्रदेश के रहने वाले पिता और बेटे की मौत हो गई। हादसे में 4 साल के बच्चे की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उसके पिता ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी 35 वर्षीय अजीम और उसके 4 साल के बेटे डानयाल के रूप में हुई है।
सामान खरीदने के दौरान हुआ हादसा
मृतक के जीजा मरगूब ने बताया कि अजीम अपनी पत्नी नाजिया परवीन और दो बेटों डानयाल और छोटू के साथ गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जंक्शन से जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन में पटना के लिए सफर कर रहा था। शुक्रवार सुबह जब ट्रेन आरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रुकी, तब अजीम अपने बेटे डानयाल के साथ कुछ सामान खरीदने के लिए नीचे उतर गया। इसी दौरान ट्रेन खुल गई। ट्रेन चलने के बाद दोनों जल्दबाजी में वापस चढ़ने की कोशिश करने लगे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों ट्रेन से नीचे गिर पड़े।
बेटे की मौके पर मौत, पिता ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में 4 साल के डानयाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं अजीम गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों और जीआरपी पुलिस की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान इमरजेंसी वार्ड में उसकी भी मौत हो गई।इसके बाद रेल पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।
ट्रेन आगे निकल गई, पत्नी को बाद में मिली जानकारी
हादसे के समय ट्रेन आगे निकल चुकी थी, इसलिए अजीम की पत्नी नाजिया परवीन अपने छोटे बेटे छोटू के साथ पटना पहुंच गई थीं। बाद में उन्हें इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि अजीम अपने छह बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वहीं उसका बेटा डानयाल अपने दो भाइयों में बड़ा था। परिवार में अब उसकी पत्नी नाजिया परवीन और छोटा बेटा छोटू ही बचे हैं। इस हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरा से आशीष की रिपोर्ट