PM Modi birthday: आरा में PM मोदी के जन्मदिन पर 11 हजार दीयों से जगमग हुआ गंगा पुल, वाराणसी के पुरोहितों ने की आरती

PM Modi birthday: आरा के बबुरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर 11 हजार दीये जलाए गए। दीपोत्सव के बाद वाराणसी से आए पुरोहितों ने गंगा आरती की।

PM Modi birthday

PM Modi birthday:  भगवान विश्वकर्मा पूजा के साथ देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन भी अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बिहार के भोजपुर जिले में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर विशेष दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कोइलवर-छपरा फोरलेन पर बबुरा के पास गंगा नदी के पुल पर 11 हजार दीये जलाए गए।


दीयों की रोशनी से रात के समय पूरा इलाका जगमगा उठा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान पीएम मोदी के समर्थन में नारे भी लगाए गए।


11 हजार दीयों से रोशन हुआ गंगा पुल


प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस दीपोत्सव में कार्यकर्ताओं ने गंगा पुल के पास 11 हजार दीप जलाए। एक साथ हजारों दीये जलने के बाद पूरा क्षेत्र रोशनी से भर गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया था।


दीपोत्सव के बाद हुई गंगा आरती


दीप जलाने के कार्यक्रम के बाद गंगा आरती का आयोजन भी किया गया। इसके लिए वाराणसी से पुरोहितों को बुलाया गया था। पुरोहितों ने विधि-विधान के साथ गंगा आरती की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजक यशवंत नारायण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और संकल्प के रूप में मनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि 11 हजार दीये प्रधानमंत्री के लिए लोगों के आशीर्वाद और शुभकामनाओं के प्रतीक के तौर पर जलाए गए हैं।


आयोजक ने PM मोदी के कार्यकाल का किया जिक्र


यशवंत नारायण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने दावा किया कि मोदी लगातार देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उनके सफल और लंबे जीवन की कामना करना है। उनके मुताबिक गंगा के तट पर 11 हजार दीप जलाकर जन्मदिन मनाना भोजपुर के लिए खास अवसर रहा।

आरा से आशीष की रिपोर्ट