Ara Railway Station: आरा स्टेशन पर बड़ा एक्शन! यात्रियों को परेशान करने के आरोप में 4 किन्नर पकड़े गए

Ara Railway Station: आरा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में यात्रियों को परेशान करने के आरोप में चार किन्नर पकड़े गए। कोर्ट ने 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया।

Ara Railway Station
रेलवे स्टेशन पर मनमानी पड़ी भारी- फोटो : news4nation

Ara Railway Station: आरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने संयुक्त अभियान चलाया। यह अभियान आरपीएफ पोस्ट आरा के प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार और जीआरपी थाना अध्यक्ष रणधीर कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में विशेष जांच की गई। इस दौरान यात्रियों को परेशान करने और अवैध रूप से पैसे मांगने के आरोप में चार किन्नरों को पकड़ा गया। अधिकारियों के अनुसार, इनकी गतिविधियों से यात्रियों को असुविधा हो रही थी। गिरफ्तार किए गए चारों लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने चारों पर 2,000 रुपये का अर्थदंड लगाया।

RPF-GRP की यात्रियों से अपील

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और रेलवे परिसर में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। रेलवे प्रशासन का कहना है कि स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, जबरन वसूली या यात्रियों को परेशान करने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों से भी अपील की है कि यदि उन्हें रेलवे स्टेशन या ट्रेन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़े तो वे तुरंत रेलवे सुरक्षा कर्मियों को इसकी जानकारी दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

आरा से आशीष की रिपोर्ट