Ara Tanishq Loot Case: जम्मू से पकड़ा गया तनिष्क लूट का मास्टरमाइंड, पुलिस का बड़ा खुलासा जल्द
Ara Tanishq Loot Case: बिहार पुलिस और एसटीएफ को तनिष्क शोरूम लूट कांड में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी सूरज मंडल को जम्मू से गिरफ्तार किया है। दस करोड़ की लूट में शामिल इस अपराधी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बिहा

बिहार पुलिस और एसटीएफ को तनिष्क शोरूम लूट मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। दस करोड़ की इस लूट में शामिल मुख्य अपराधी सूरज मंडल को जम्मू से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह अररिया जिले का निवासी है और सीसीटीवी फुटेज में उसे हथियार के बल पर लूटपाट करते हुए देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कर कार्रवाई की। अब कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे बिहार लाया जा रहा है।
जल्द होगा बड़ा खुलासा
सूत्रों के अनुसार, रविवार को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस गिरफ्तारी का आधिकारिक ऐलान कर सकते हैं। हालांकि, एसटीएफ और भोजपुर पुलिस ने अभी तक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। एसटीएफ के मुताबिक, लूट के बाद पुलिस टीम लगातार सूरज मंडल की तलाश में जुटी थी और गुप्त सूचना के आधार पर उसे जम्मू से गिरफ्तार किया गया।
10 करोड़ की लूट और अपराधियों का जाल
यह लूट कांड सात-आठ अपराधियों के एक गिरोह द्वारा अंजाम दिया गया था। अपराधियों ने न केवल आभूषण लूटे, बल्कि कैश और सिक्योरिटी गार्ड का लाइसेंसी हथियार भी छीन लिया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही घंटों में बड़हरा थाना क्षेत्र के बबुरा में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए इन अपराधियों के पास से लूटे गए गहनों से भरे दो झोले भी बरामद हुए थे। उनकी निशानदेही पर गार्ड का हथियार भी जब्त कर लिया गया था।
पुलिस के शिकंजे में अन्य अपराधी भी
इसके बाद, पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों, सहयोगियों और रिसीवर समेत तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। लूट में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है। जांच में सामने आया है कि इस डकैती में पश्चिम बंगाल की जेल में बंद वैशाली निवासी कुख्यात चंदन कुमार उर्फ प्रिंस, बक्सर के शेरू सिंह और वैशाली के ही एक अन्य अपराधी प्रिंस की संलिप्तता रही है।
प्रोडक्शन वारंट जारी, गहन पूछताछ की तैयारी
बिहार पुलिस अब चंदन और शेरू से पूछताछ करने की योजना बना रही है। इसके लिए कोर्ट ने प्रोडक्शन वारंट जारी कर दिया है, जिसके तहत दोनों को इस मामले में रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से लूटकांड की बाकी कड़ियों को जोड़ा जा सकेगा और अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।