Arrah Mosque Case: आरा के कौरा गांव में पुलिस की कार्रवाई, मस्जिद में ठहरे एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जांच शुरू
Arrah Mosque Case: आरा के जगदीशपुर के कौरा गांव की मस्जिद में एक दर्जन से अधिक लोगों के ठहरे होने की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सभी लोगों को साथ ले जाकर जांच शुरू की गई है।
Arrah Mosque Case: आरा के भोजपुर जिले में जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कौरा गांव की एक मस्जिद में पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में लोगों के ठहरे होने की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक दर्जन से अधिक लोग करीब तीन से चार दिनों से मस्जिद में रह रहे थे। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने वहां पहुंचकर इन लोगों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की।
ग्रामीणों ने पूछताछ की तो नहीं मिली स्पष्ट जानकारी
स्थानीय लोगों का कहना है कि मस्जिद में ठहरे लोगों के बारे में गांव के अधिकतर लोगों को पहले जानकारी नहीं थी। जब एक साथ इतने लोगों के वहां रहने की बात सामने आई तो ग्रामीणों की भीड़ मस्जिद के पास जमा हो गई। ग्रामीणों ने वहां मौजूद लोगों से उनके आने, रहने और यहां ठहरने के कारण के बारे में पूछा। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना जगदीशपुर थाना पुलिस को दी।
पुलिस सभी लोगों को थाने ले गई
सूचना मिलने के बाद जगदीशपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस वहां मौजूद सभी लोगों को अपने साथ ले गई और उनके बारे में जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ये लोग ज्यादातर समय मस्जिद परिसर में ही रहते थे और केवल सुबह-शाम कुछ समय के लिए बाहर निकलते थे। हालांकि, इन लोगों की गतिविधियों को लेकर लगाए जा रहे संदेह की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस पता लगा रही है कौन हैं ये लोग
मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मस्जिद में ठहरे लोग कौन हैं, वे कहां से आए हैं और वहां किस वजह से रह रहे थे। पुलिस उनकी पहचान और उनके यहां आने से जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है। फिलहाल किसी तरह की आपराधिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इन लोगों के मस्जिद में ठहरने की वास्तविक वजह क्या थी। घटना के बाद से कौरा गांव और आसपास के इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
भोजपुर से आशीष की रिपोर्ट