Arrah Road Accident: आरा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक से टकराई बाइक, 14 वर्षीय छात्र की मौत
Arrah Road Accident: आरा के टाउन थाना क्षेत्र के धरहरा के पास अनियंत्रित बाइक ट्रक से टकरा गई। हादसे में 14 वर्षीय छात्र मोहम्मद शाहनवाज की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Arrah Road Accident: आरा के टाउन थाना क्षेत्र के धरहरा के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक सामने खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार 14 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के काजी टोला निवासी मोहम्मद फिरोज के 14 वर्षीय पुत्र मोहम्मद शाहनवाज के रूप में हुई है। शाहनवाज पांचवीं कक्षा का छात्र था और अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम का माहौल है।
हादसे के समय बाइक पर दो लोग सवार थे
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बाइक पर दो लोग सवार थे। बाइक चला रहा शाहनवाज ट्रक से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक के पीछे बैठा काजी टोला निवासी महतार का पुत्र अरमान गंभीर रूप से घायल हो गया। अरमान पेशे से पेंटर का काम करता है। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल अरमान को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही ट्रक के मालिक और फरार चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
आरा से आशीष की रिपोर्ट