Bihar News : भोजपुर में शराब माफिया पर उत्पाद विभाग की टीम ने कसा शिकंजा, दो लग्जरी कारों से लाखों का बियर किया जब्त, मौके से चालक को किया गिरफ्तार

Bihar News : भोजपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. दो लग्जरी कारों से टीम ने लाखों रूपये का बियर बरामद किया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : भोजपुर में शराब माफिया पर उत्पाद विभाग की टीम न
लाखों का बियर बरामद - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर के जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया के कड़े निर्देश पर मद्य निषेध विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के सिंडिकेट के खिलाफ लगातार छापेमारी और सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मद्यनिषेध विभाग के सहायक आयुक्त रजनीश को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश की सीमा से दो लग्जरी वाहनों के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब की एक बड़ी खेप आरा (भोजपुर) की तरफ लाई जा रही है। सूचना मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया और तुरंत कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की गई।

छापेमारी के लिए विशेष टीम का गठन और घेराबंदी

गुप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त मद्यनिषेध ने तत्काल मद्यनिषेध निरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरा नवादा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पकड़ी के पास अपना जाल बिछाया और आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की कड़ाई से जांच शुरू कर दी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की तरफ से आ रहे दो संदिग्ध वाहन टीम के निशाने पर आ गए, जिन्हें बलपूर्वक रोका गया।

कार से भारी मात्रा में बियर बरामद

पुलिस ने जब घेराबंदी कर दोनों वाहनों की सघन तलाशी ली, तो उनके अंदर गुप्त तहखाने और सीटों के नीचे छिपाकर रखी गई अवैध शराब की पेटियां बरामद हुईं। जांच में पहली गाड़ी टोयोटा ग्लैंजा कार (निबंधन संख्या- BR44R-4122) से 180 लीटर अवैध बियर और दूसरी गाड़ी टाटा पंच कार (जिस पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था) से 264 लीटर अवैध बियर बरामद की गई। दोनों ही चमचमाती लग्जरी कारों का इस्तेमाल केवल तस्करी को अंजाम देने के लिए किया जा रहा था।

बरामद बियर की कीमत 5 लाख, यूपी से आरा लाने की थी तैयारी

मद्यनिषेध विभाग की इस सफल कार्रवाई में दोनों वाहनों से 'किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रॉन्ग बियर' (500ml) के कुल 888 पीस बरामद किए गए, जो कुल मिलाकर 444 लीटर अवैध विदेशी बियर है। मद्यनिषेध अधिकारियों के मुताबिक, जब्त की गई इस विदेशी बियर का कुल बाजार मूल्य करीब 5 लाख रुपये आंका गया है। पूछताछ में यह साफ हुआ है कि इस अवैध खेप को उत्तर प्रदेश से तस्करी कर आरा के स्थानीय डीलरों को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए लाया जा रहा था।

बक्सर का तस्कर चालक गिरफ्तार, न्यायालय को सुपुर्द

कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से एक शातिर तस्कर चालक को भी दबोच लिया है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान सोहेल खान (पिता- स्वर्गीय अलीशेर खान) के रूप में हुई है, जो बक्सर जिले के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत सारीपुर (वार्ड नंबर-36) का निवासी है। मद्यनिषेध विभाग ने अवैध बियर और तस्करी में इस्तेमाल दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया है, वहीं गिरफ्तार चालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय को सुपुर्द कर दिया है।

आशीष की रिपोर्ट