भरत तिवारी एनकाउंटर केस में बड़ी कार्रवाई, गोली चलाने वाला STF जवान अक्षय कुमार गिरफ्तार

भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून 2026 को STF और स्थानीय पुलिस की कार्रवाई के दौरान भरत भूषण तिवारी की गोली लगने से मौत हो गई थी। गोली चलाने के आरोपी STF के जवान अक्षय कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है

Bharat Tiwari Encounter Case
Bharat Tiwari Encounter Case- फोटो : news4nation

Bharat Tiwari Encounter Case : भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भरत तिवारी पर गोली चलाने के आरोपी बिहार स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवान अक्षय कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) राज ने जवान की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इस गिरफ्तारी को मामले की जांच में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, भरत तिवारी के परिजनों ने आरोप लगाया था कि उन्होंने पुलिस के सामने हथियार डाल दिया था, इसके बावजूद उन पर गोली चलाई गई। इसी आरोप के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में तत्कालीन जगदीशपुर डीएसपी राजेश शर्मा, शाहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार, STF जवान अक्षय कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को नामजद किया गया था। इस मामले में अब सबसे पहले अक्षय कुमार की गिरफ्तारी हुई है।

 

क्या है पूरा मामला?

भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून 2026 को STF और स्थानीय पुलिस की कार्रवाई के दौरान भरत भूषण तिवारी की गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस का दावा था कि भरत ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में गोली चलाई गई। दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और परिजनों के आरोपों में दावा किया गया कि भरत तिवारी ने पुलिस के सामने हथियार डाल दिया था, इसके बावजूद उन पर गोली चलाई गई। इस घटना के बाद पूरे राज्य में विवाद खड़ा हो गया। 


सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए, कई पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया और बाद में मामले में हत्या की एफआईआर भी दर्ज की गई। साथ ही एनकाउंटर में इस्तेमाल हथियारों की फॉरेंसिक और बैलिस्टिक जांच भी कराई जा रही है। तिवारी के परिजनों ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी जिसके बाद अब जवान की गिरफ्तारी को इस कड़ी में अहम माना जा रहा है। 


इस मामले को लेकर पहले पटना हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई, जबकि बाद में सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई की मांग की गई थी। हालांकि सर्वोच्च अदालत ने याचिकाकर्ता को पहले हाईकोर्ट जाने की सलाह दी थी। इस बीच न्यायिक जांच भी जारी है। अब STF जवान अक्षय कुमार की गिरफ्तारी के बाद माना जा रहा है कि जांच नए चरण में पहुंच गई है। आने वाले दिनों में जांच एजेंसियों की रिपोर्ट और न्यायिक जांच के निष्कर्ष इस बहुचर्चित एनकाउंटर मामले की दिशा तय कर सकते हैं।